सोशल संवाद / जमशेदपुर : जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र के छात्र-छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा की राह अब आसान होने जा रही है। इस विधानसभा क्षेत्र के जमशेदपुर प्रखंड क्षेत्र में जल्द ही एक नए सरकारी डिग्री कॉलेज का संचालन इस इलाके में शुरू किया जाएगा। अब तक यहां कोई डिग्री कॉलेज नहीं था।

यह भी पढे : श्रमिकों का होगा निबंधन बनेगा हेल्पलाइन सेंटर
कॉलेज के स्थाई भवन का निर्माण होने तक इसे एक अस्थायी कैंपस में संचालित किया जाएगा। कोल्हान विश्वविद्यालय ने इसके लिए उपयुक्त महाविद्यालय भवन की तलाश और वहां उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं का आकलन करने के लिए तत्काल एक निरीक्षण समिति का गठन करने का निर्णय लिया है। यह समिति जल्द ही प्रस्तावित स्थलों का दौरा कर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी, जिसके बाद इसी शैक्षणिक सत्र से छात्र-छात्राओं के नामांकन की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी जाएगी।
इस बाबत मुद्दा पिछले दिनों हुई कोल्हान विश्वविद्यालय की सीनेट की बैठक में जुगसलाई के विधायक मंगल कालिंदी ने उठाया था। विश्वविद्यालय से कहा गया था कि जब तक कॉलेज का अपना भवन नहीं बन जाता, तब तक किसी उपयुक्त सरकारी भवन में कक्षाएं अस्थायी रूप से शुरू की जाएं।
इस सुझाव पर कुलपति प्रो. अंजिला गुप्ता ने 44वीं शैक्षणिक परिषद की बैठक में निरीक्षण समिति बनाने का निर्णय लिया। गौरतलब हो कि जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र के जमशेदपुर प्रखंड में अब तक एक भी सरकारी डिग्री कॉलेज नहीं है। इस कमी के कारण स्थानीय विद्यार्थियों, विशेषकर ग्रामीण और मध्यमवर्गीय परिवार के बच्चों को उच्च तथा तकनीकी शिक्षा के लिए मजबूरन दूसरे शहरों या महंगे निजी संस्थानों का रुख करना पड़ता है।









