सोशल संवाद / सरायकेला: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने और स्वच्छ वातावरण के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से जिला कारा, सरायकेला परिसर में विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व अनुमंडल पदाधिकारी सह प्रभारी जेल अधीक्षक अभिनव प्रकाश ने किया।

यह भी पढे : जुगसलाई के डिग्री कॉलेज में इसी सत्र से होगी पढ़ाई
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश एवं नगर पंचायत सरायकेला के अध्यक्ष मनोज चौधरी ने संयुक्त रूप से फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों, कारा कर्मियों एवं अन्य लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अभिनव प्रकाश ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण एक वैश्विक आवश्यकता बन चुका है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण न केवल पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में सहायक है, बल्कि जैव विविधता के संरक्षण, जलवायु परिवर्तन के प्रभाव को कम करने और स्वच्छ व स्वस्थ वातावरण के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे वृक्षारोपण को केवल एक औपचारिक कार्यक्रम न मानें, बल्कि इसे अपनी सामाजिक जिम्मेदारी का हिस्सा बनाते हुए लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल भी सुनिश्चित करें।
नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज चौधरी ने भी पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण देने के लिए प्रत्येक नागरिक को वृक्षारोपण अभियान से जुड़ना चाहिए।
कार्यक्रम में नगर पंचायत के प्रतिनिधियों, संबंधित विभागीय अधिकारियों, कारा कर्मियों एवं अन्य गणमान्य लोगों की सक्रिय सहभागिता रही। विश्व पर्यावरण दिवस के इस आयोजन के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के निर्माण का सामूहिक संदेश दिया गया।









