सोशल संवाद / जमशेदपुर: World Environment Day के अवसर पर जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ विभिन्न क्षेत्रों में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत दर्जनों पौधे लगाकर लोगों को प्रकृति संरक्षण के लिए प्रेरित किया।

विधायक पूर्णिमा साहू ने सीतारामडेरा क्षेत्र के गांधी आश्रम, प्रेम आश्रम, सर्वोदय आश्रम तथा बर्मामाइंस स्थित प्रेम नगर वरिष्ठ नागरिक भवन पार्क और हिंद आश्रम परिसर में पौधारोपण किया। कार्यक्रम का उद्देश्य हरित वातावरण को बढ़ावा देना और लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना था।
इस अवसर पर विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि पौधारोपण केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का माध्यम नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य सुनिश्चित करने का भी महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच प्रत्येक नागरिक को पेड़ लगाने और उनकी देखभाल की जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने की अपील करते हुए कहा कि प्रकृति की रक्षा करना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। यदि हम आज पर्यावरण संरक्षण के लिए गंभीर प्रयास करेंगे, तभी भविष्य की पीढ़ियों को बेहतर जीवन मिल सकेगा।
पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान विधायक पूर्णिमा साहू ने क्षेत्र के लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की भी जानकारी ली तथा उनके समाधान के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव, भाजपा सीतारामडेरा मंडल अध्यक्ष रंजीत सिंह, बर्मामाइंस मंडल अध्यक्ष रितेश झा, जिला कार्यालय मंत्री संजीत चौरसिया, शैलेश गुप्ता, धनराज गुप्ता, सूरज सिंह, शशि सिंह, संजू शर्मा समेत कई भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम ने पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और सामाजिक भागीदारी के महत्व को रेखांकित करते हुए लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया।









