सोशल संवाद / जमशेदपुर: नवल टाटा हॉकी अकादमी (एनटीएचए) के उभरते सितारे आशीष तानी पूर्ति ने अंडर-18 हॉकी एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम को फाइनल में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए हाई-वोल्टेज मुकाबले में आशीष ने चार शानदार गोल दागकर भारतीय टीम की जीत सुनिश्चित की और अपने नाम एक बड़ी उपलब्धि दर्ज कराई।

जापान के काकामिगहारा में आयोजित इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबले में भारत और पाकिस्तान के बीच रोमांचक संघर्ष देखने को मिला। दबाव भरे मुकाबले में आशीष तानी पूर्ति ने बेहतरीन आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान की मजबूत रक्षा पंक्ति को लगातार भेदा और चार गोल कर टीम को जीत दिलाई।
इससे पहले आशीष ने पूल चरण में चीनी ताइपे के खिलाफ हैट्रिक लगाकर अपनी शानदार फॉर्म का परिचय दिया था। सेमीफाइनल में भी उन्होंने उसी लय को बरकरार रखते हुए विपक्षी टीम के डिफेंस को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। उनके शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने फाइनल में जगह बनाकर खिताब की ओर मजबूत कदम बढ़ाया है।
मैदान पर आशीष की गति, आक्रमण क्षमता और गोल करने की अद्भुत कला ने उन्हें टूर्नामेंट के सबसे प्रभावशाली खिलाड़ियों में शामिल कर दिया है। लगातार बेहतरीन प्रदर्शन के चलते वे भारतीय हॉकी की नई पीढ़ी के सबसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों में गिने जा रहे हैं।
एनटीएचए के प्रोजेक्ट डायरेक्टर गुरमीत सिंह राव ने आशीष की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा, “एशिया कप के सेमीफाइनल में पाकिस्तान जैसी मजबूत टीम के खिलाफ चार गोल करना असाधारण उपलब्धि है। आशीष ने जिस आत्मविश्वास और कौशल का प्रदर्शन किया है, वह पूरे देश और हॉकी जगत के लिए गर्व का विषय है। हमें अपने उन खिलाड़ियों पर गर्व है, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।”
आशीष तानी पूर्ति के इस ऐतिहासिक प्रदर्शन से न केवल एनटीएचए बल्कि झारखंड और पूरे देश के हॉकी प्रेमियों में उत्साह का माहौल है। अब सभी की नजरें फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं, जहां भारतीय टीम खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी।









