सोशल संवाद / डेस्क : पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा प्रखंड स्थित सुदूरवर्ती सारूडा गांव में मंगलवार को महान स्वतंत्रता सेनानी एवं जननायक भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। भगवान बिरसा मुंडा कल्याण समिति, सारूडा के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में सिंहभूम सांसद जोबा माझी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।

यह भी पढे : सदर अस्पताल में शुरू हुआ एचडीयू

कार्यक्रम में गुदड़ी प्रखंड प्रमुख सामी भेंगरा, जिला परिषद सदस्य सुनीता लुगुन, झारखंड आंदोलनकारी बिरसा मुंडा, गोइलकेरा उप प्रमुख वरदान भुइंया सहित कई जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने भाग लिया। इस अवसर पर सभी अतिथियों ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
जंगलों में बसे लोगों को मिले अधिकार
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए सांसद जोबा माझी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं, बल्कि एक महान समाज सुधारक भी थे। उन्होंने अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष करने के साथ-साथ आदिवासी समाज और आम लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए भी जीवनभर संघर्ष किया।
उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा के विचार आज भी प्रासंगिक हैं और उनके बताए रास्ते पर चलना समय की जरूरत है। सांसद ने कहा कि जंगलों और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को उनके अधिकार दिलाना तथा उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना ही भगवान बिरसा मुंडा के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
क्षेत्रीय विकास के लिए जारी हैं प्रयास
जोबा माझी ने कहा कि गोइलकेरा, गुदड़ी, सोनुवा और आनंदपुर प्रखंडों में सड़क, पुल-पुलिया और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि मोबाइल नेटवर्क और कनेक्टिविटी जैसी समस्याओं के समाधान के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
सांसद ने कहा कि वे स्वयं और विधायक जगत माझी क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने के लिए गंभीरता से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने और बच्चों को बेहतर शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार देने की अपील की।
भूदान करने वालों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान बिरसा मुंडा पब्लिक स्कूल, सारूडा के निर्माण के लिए भूमि दान करने वाले ग्रामीणों को सांसद के हाथों सम्मानित किया गया। इस पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना की और इसे शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान बताया।
पारंपरिक नृत्य से हुआ स्वागत
सारूडा पहुंचने पर स्थानीय कलाकारों ने पारंपरिक आदिवासी नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से सांसद जोबा माझी का स्वागत किया। कार्यक्रम को सुनीता लुगुन, सामी भेंगरा, बिरसा मुंडा और अकबर खान समेत अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम का संचालन कुशल रुगु ने किया। इस अवसर पर बिरकेल की मुखिया कुंवारी बरजो, ग्रामीण मुंडा मंगरा मुंडा, रमेश लुगुन, चंदन बरजो, अल्फ्रेड भुइंया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।










