सोशल संवाद / नई दिल्ली : दिल्ली ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (DTC) ने राजधानी दिल्ली में पब्लिक ट्रांसपोर्ट की पहुंच को और ज्यादा बेहतर बनाने और ‘लास्ट-माइल कनेक्टिविटी’ को सुधारने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। इसी क्रम में DTC ने एक नया रूट 806A शुरू किया है। ‘देवी रूट’ D-6606 को लॉन्च करने के साथ ही मौजूदा रूट RL-79 का विस्तार किया गया है, ताकि दिल्ली के तेजी से विकसित हो रहे रिहायशी और बाहरी इलाकों में रहने वाले नागरिकों को बेहतर परिवहन की सुविधाएं मिल सके।

दिल्ली के द्वारका मोड़ और पापरावत गांव के बीच पायलट आधार पर शुरू किया गया नया रूट 806A सेवा, पापरावत गांव, नांगली सकरावती, ककरोला और आस-पास के इलाकों के नागरिकों को सीधी बस कनेक्टिविटी देगी। यह रूट दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के ग्रामीण और शहरी सीमावर्ती इलाकों में बेहतर पब्लिक ट्रांसपोर्ट सेवाओं की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करता है। इससे यात्रियों की बीच के ट्रांसपोर्ट साधनों पर निर्भरता कम होने के साथ रोजाना का सफर ज़्यादा किफायती और सुविधाजनक बनेगी।
‘फर्स्ट और लास्ट-माइल कनेक्टिविटी’ को बेहतर बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए डीटीसी ने ‘देवी रूट D-6606’ को शुरू किया है, जो उत्तम नगर टर्मिनल को DDA फ्लैट्स बक्करवाला से जोड़ता है। यह रूट बक्करवाला, काकरोला, मटियाला और द्वारका सेक्टर जैसे तेजी से विकसित हो रहे रिहायशी इलाकों को सेवा प्रदान करेगा। इन इलाकों को प्रमुख मेट्रो स्टेशनों और ट्रांसपोर्ट कॉरिडोर से जोड़कर यह सर्विस छात्रों, कामकाजी लोगों और स्थानिय निवासियों को फायदा पहुंचाएगी, जिससे लोगों को शैक्षणिक संस्थानों, कमर्शियल सेंटर्स और सार्वजनिक सेवाओं तक आसानी से पहुंचने में मदद मिलेगी।
दिल्ली के ट्रांसपोर्ट नेटवर्क को और अधिक मजबूत करते हुए डीटीसी ने रूट नंबर RL-79 को द्वारका सेक्टर-23 पोचनपुर से आगे बढ़ाकर द्वारका सेक्टर-23B (महादेव अपार्टमेंट्स) तक कर दिया है। इस विस्तार से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और द्वारका के नए विकसित रिहायशी इलाकों के बीच सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे सेक्टर-23B और आस-पास की कॉलोनियों के लोगों के लिए पब्लिक ट्रांसपोर्ट तक पहुंच काफी बेहतर हो जाएगी। इस कदम से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं होगी और दिल्ली के तेज़ी से विकसित हो रहे रिहायशी इलाकों में से एक में नेटवर्क कवरेज और ज्यादा मजबूत होगा।
इस अवसर पर परिवहन मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने कहा कि दिल्ली की माननीय मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार एक सुलभ, कुशल और नागरिक-केंद्रित सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। नए विकसित हो रहे रिहायशी इलाकों और बाहरी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की आवागमन की जरूरतों और बेहतर सार्वजनिक परिवहन की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए इन रूटों को जोड़ने और विस्तार करने की योजना बनाई गई है।
लास्ट-माइल कनेक्टिविटी’ को और बेहतर बनाकर, हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि ज़्यादा से ज़्यादा नागरिक आसानी से मेट्रो स्टेशनों, मुख्य ट्रांसपोर्ट हब, शिक्षण संस्थानों और कार्यस्थलों तक आसानी से पहुंच सकें। ये पहल सार्वजनिक परिवहन को अधिक समावेशी, किफायती और सुविधाजनक बनाने के साथ-साथ पूरी दिल्ली में सतत और ग्रीन मोबिलिटी के इस्तेमाल को बढ़ावा देने की हमारी लगातार कोशिशों को दर्शाती हैं।
दिल्ली सरकार और डीटीसी भविष्य में यात्रियों की जरूरतों का आकलन करते हुए राजधानी दिल्ली के सभी नागरिकों के लिए बेहतर कनेक्टिविटी, ज़्यादा सुविधा और इंटीग्रेटेड पब्लिक ट्रांसपोर्ट प्रणाली को सुनिश्चित करने के लिए रूट को तर्कसंगत बनाने और सेवाओं में और ज्यादा सुधार करने का काम करेगी।









