सोशल संवाद / जमशेदपुर : झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा परिषद (जेसीईसीईबी) ने पॉलिटेक्निक प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा-2026 में नामांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि और प्रवेश परीक्षा की तारीखों में विस्तार किया है। इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी की गई है, जिसमें पूर्व में निर्धारित तिथियों में संशोधन की जानकारी दी गई है।

यह भी पढे : बीटेक कैडेट एंट्री स्कीम से नेवी में 60 अफसर होंगे भर्ती
यह निर्णय उन हजारों छात्रों के लिए बेहद राहत देने वाली है, जो इस साल विभिन्न पॉलिटेक्निक संस्थानों में तकनीकी शिक्षा हासिल करने के लिए आवेदन कर रहे हैं या करने की योजना बना रहे हैं। अब परीक्षा 12 जुलाई को होगी।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि को आगे बढ़ा दिया गया है। छात्र 17 के बजाय 22 जून तक ऑनलाइन फॉर्म जमा कर सकते हैं। इसके अलावा यदि किसी अभ्यर्थी से आवेदन पत्र भरते समय त्रुटि हो जाती है तो सुधार करेक्शन विंडो के लिए भी नई तिथियां घोषित की गई हैं। छात्र अपने विवरण में 23 से 24 जून तक आवश्यक सुधार कर सकेंगे।
पहले इसके लिए 18 और 19 जून की तिथि तय थी। पूर्व में परीक्षा 5 जुलाई को होने वाली थी, लेकिन अब 12 जुलाई को होगी। ऑनलाइन प्रवेश पत्र परिषद की आधिकारिक वेबसाइट से परीक्षा से ठीक 4 दिन पहले डाउनलोड किए जा सकेंगे। यह परीक्षा राज्य के विभिन्न जिला मुख्यालयों में आयोजित की जाएगी, जिनमें जमशेदपुर, रांची, धनबाद, बोकारो, दुमका, पलामू, हजारीबाग और चाईबासा शामिल हैं।









