सोशल संवाद / डेस्क : टाटानगर के श्याम भक्त मंडल की पहल पर राजस्थान के खाटू धाम स्थित श्याम कोठी विश्राम भवन में बाबा श्याम का भव्य मंदिर बनकर तैयार हो गया है। स्वर्गीय अशोक गुप्ता की स्मृति में निर्मित इस मंदिर में विधि-विधान के साथ 3 जुलाई को बाबा श्याम, राधा रानी, भगवान हनुमान और भगवान गणेश की प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न हुई।

यह भी पढे : जमशेदपुर बंद की सफलता पर जनता का आभार, अब कानून व्यवस्था और नैतिक राजनीति की मांग तेज
दो और तीन जुलाई को आयोजित प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच मुख्य यजमान के रूप में अनीस गुप्ता अपने परिवार के साथ शामिल हुए। इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में श्याम भक्तों ने उपस्थित होकर पूजा-अर्चना की और बाबा श्याम का आशीर्वाद प्राप्त किया।
श्याम भक्त मंडल के संयोजक पवन अग्रवाल ने बताया कि श्याम कोठी में मंदिर निर्माण का सपना कई वर्षों से देखा जा रहा था, जो अब साकार हुआ है। उन्होंने कहा कि यह मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था और जनसहयोग का परिणाम है। अब 38 कमरों वाले विश्राम भवन में स्वयं बाबा श्याम विराजमान हो गए हैं, जिससे देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक वातावरण के साथ बेहतर सुविधाएं भी मिलेंगी।
उन्होंने बताया कि जनसहयोग से विश्राम भवन का जीर्णोद्धार कराया गया है। इसके साथ ही बुजुर्गों और दिव्यांग श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लिफ्ट लगाने का कार्य भी अंतिम चरण में है, जिसका जल्द ही उद्घाटन कर इसे श्रद्धालुओं को समर्पित किया जाएगा।
पवन अग्रवाल के अनुसार, श्याम भक्त मंडल द्वारा संचालित इस विश्राम भवन का लाभ बड़ी संख्या में श्रद्धालु उठा रहे हैं। भविष्य में भवन के विस्तार और सुविधाओं में और वृद्धि की भी योजना तैयार की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि लिफ्ट के उद्घाटन समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम की तिथि की घोषणा शीघ्र की जाएगी।
प्राण प्रतिष्ठा समारोह में टाटानगर से करीब 25 श्याम भक्तों का जत्था खाटू धाम पहुंचा। इसमें प्रमुख रूप से मुरारी लाल गोयल, अरुण अग्रवाल, संजय शर्मा, नितिन चौधरी, बजरंग केवलका, आशु अग्रवाल, मनोज श्रीवास्तव, रिंकू अग्रवाल, ऊषा अग्रवाल और मालती अग्रवाल सहित कई श्रद्धालु शामिल रहे।
बाबा श्याम की प्राण प्रतिष्ठा के बाद श्रद्धालुओं में उत्साह और भक्ति का विशेष माहौल देखने को मिला। श्रद्धालुओं का मानना है कि श्याम कोठी में स्थापित यह मंदिर आने वाले समय में खाटू धाम आने वाले भक्तों के लिए आस्था और सेवा का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।










