Responsive Full Width Slider

जमशेदपुर में 7 अगस्त से शुरू होगा ’10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान’, राज्यपाल करेंगे शुभारंभ

By Sanjana Das

Published :

Follow
जमशेदपुर में 7 अगस्त से शुरू होगा '10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान', राज्यपाल करेंगे शुभारंभ

Join WhatsApp

Join Now

सोशल संवाद / जमशेदपुर : भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के नशा मुक्त भारत अभियान के तहत 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान का भव्य शुभारंभ 7 अगस्त को जमशेदपुर में किया जाएगा। इस अभियान का आयोजन ब्रह्माकुमारीज द्वारा नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के मिशन स्पंदन के सहयोग एवं समन्वय से सेवाकेंद्र परिसर में किया जा रहा है।

यह भी पढे : गोविंदपुर में काली पूजा तक कब्जा नहीं हटाने की मांग

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार होंगे, जो नशामुक्ति जनजागरण बस यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह बस यात्रा लगभग दो माह तक झारखंड और पश्चिम बंगाल के विभिन्न शहरों एवं जिलों में पहुंचकर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेगी तथा नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश देगी।

समारोह के दौरान 25 अगस्त को राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी डॉ. प्रकाशमणि जी की पुण्य स्मृति में आयोजित होने वाले मेगा रक्तदान शिविर के पोस्टर का भी राज्यपाल द्वारा लोकार्पण किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार पिछले वर्ष भारत और नेपाल के ब्रह्माकुमारीज सेवा केंद्रों के संयुक्त प्रयास से 89 हजार से अधिक यूनिट रक्त संग्रहित किया गया था। इस वर्ष 21 से 25 अगस्त तक भारत एवं नेपाल के सभी सेवा केंद्रों पर इससे भी बड़े स्तर पर मेगा रक्तदान शिविर आयोजित करने की तैयारी है।

अभियान के प्रथम चरण में लगभग 20 दिनों तक जमशेदपुर के विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, औद्योगिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों, पार्कों, मंदिरों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद यह जनजागरण यात्रा चाकुलिया, घाटशिला, चक्रधरपुर, चाईबासा, जादूगोड़ा, चांडिल, रामगढ़, हजारीबाग, गया, देवघर, आसनसोल, रानीगंज, बांकुड़ा, निरसा, मधुपुर, बर्नपुर, बलरामपुर सहित कई अन्य क्षेत्रों में पहुंचेगी।

आयोजकों का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल लोगों से नशामुक्ति की प्रतिज्ञा कराना नहीं, बल्कि उनमें आत्मबल, आत्मसंयम, सकारात्मक सोच और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना भी है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे स्वयं नशामुक्त रहने का संकल्प लें और कम से कम पांच अन्य लोगों को भी इस अभियान से जोड़ें।

अभियान से जुड़ने के इच्छुक नागरिक व्हाट्सएप नंबर 9414154000 पर “PLEDGE” लिखकर संदेश भेज सकते हैं और राष्ट्रीय नशा मुक्ति प्रतिज्ञा का हिस्सा बन सकते हैं। अभियान का संदेश है—”एक संकल्प, 10 करोड़ परिवर्तन – नशामुक्त युवा, सशक्त भारत, विकसित भारत।”

YouTube Join Now
Facebook Join Now
Social Samvad MagazineJoin Now
---Advertisement---

संबंधित पोस्ट