सोशल संवाद / चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन द्वारा अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए जिला टास्क फोर्स के माध्यम से लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार सुबह गोईलकेरा थाना क्षेत्र में अवैध बालू परिवहन के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया।

यह भी पढे : पश्चिमी सिंहभूम उपायुक्त के नाम से फर्जी Facebook प्रोफाइल, जिला प्रशासन ने जारी की चेतावनी
जिला टास्क फोर्स ने गोईलकेरा थाना क्षेत्र स्थित पावर ग्रिड स्टेशन के समीप जांच के दौरान बालू लदे दो ट्रैक्टरों को रोका। जांच के दौरान ट्रैक्टर चालकों एवं परिवहनकर्ताओं से खनिज परिवहन से संबंधित वैध माइनिंग ट्रांजिट चालान की मांग की गई।
हालांकि, दोनों ट्रैक्टर चालक न तो वैध माइनिंग ट्रांजिट चालान प्रस्तुत कर सके और न ही बालू के वैध परिवहन के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब दे पाए। इसके बाद जिला टास्क फोर्स ने दोनों ट्रैक्टरों को बालू सहित जब्त कर लिया।
जब्त किए गए दोनों ट्रैक्टरों को अग्रेतर कानूनी कार्रवाई के लिए गोईलकेरा थाना की अभिरक्षा में सौंप दिया गया है। मामले में संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
जिला खनन पदाधिकारी ने बताया कि जिले में अवैध बालू खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध खनन गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्थिति में अवैध खनन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।









