Responsive Full Width Slider

Ranchi Traffic Police: तेज रफ्तार पर सख्ती, SVD कैमरे से कटेगा ₹1,000 का चालान

By Tamishree Mukherjee

Published :

Follow
Ranchi Traffic Police SVD Camera

Join WhatsApp

Join Now

सोशल संवाद / रांची: राजधानी रांची में तेज रफ्तार वाहन चलाने वालों पर अब ट्रैफिक पुलिस की नजर और सख्त हो गई है। सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने और ओवरस्पीडिंग पर लगाम लगाने के लिए रांची ट्रैफिक पुलिस ने शहर के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर स्पीड वायलेशन डिटेक्टर (SVD) कैमरे लगाए हैं।

यह भी पढ़े : चांडिल डैम का जलस्तर 180.75 मीटर पहुंचा, सभी 13 फाटक खुले; स्वर्णरेखा में बढ़ा बाढ़ का खतरा

इन कैमरों के जरिए निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में वाहन चलाने वालों की पहचान की जाएगी। अलग-अलग सड़कों पर तय 40 और 60 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड लिमिट का उल्लंघन करने पर वाहन का ऑनलाइन चालान जारी किया जा सकता है।

कैसे काम करेगा SVD कैमरा?

स्पीड वायलेशन डिटेक्टर कैमरा सड़क से गुजरने वाले वाहनों की गति रिकॉर्ड करेगा। यदि कोई वाहन निर्धारित गति सीमा से अधिक तेज चलता पाया जाता है, तो कैमरा वाहन की नंबर प्लेट की पहचान कर संबंधित वाहन के खिलाफ ऑनलाइन चालान जारी करेगा।

चालान की जानकारी वाहन मालिक के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर मैसेज के जरिए भेजी जाएगी। इस व्यवस्था से पुलिस को तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ कार्रवाई के लिए वाहन को मौके पर रोकने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

पहली बार ओवरस्पीडिंग पर ₹1,000 का चालान

निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने पर पहली बार 1,000 रुपये का चालान किया जाएगा। ट्रैफिक पुलिस वाहन के खिलाफ जारी चालान का रिकॉर्ड भी रखेगी।

पुलिस के अनुसार, यदि किसी वाहन के खिलाफ तीन से अधिक चालान हो जाते हैं, तो वाहन को जब्त करने की कार्रवाई की जा सकती है। वहीं, चालान का भुगतान नहीं करने पर ट्रैफिक पुलिस या जिला परिवहन विभाग वाहन को ट्रैक कर आगे की कार्रवाई कर सकता है।

रांची के इन प्रमुख इलाकों में SVD कैमरों की नजर

रांची ट्रैफिक पुलिस ने कई प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर वाहनों की गति पर निगरानी शुरू की है। इनमें शामिल हैं:

  • खरसीदाग
  • शहीद मैदान, धुर्वा
  • रामपुर रिंग रोड से रांची सिटी रोड
  • तिलता रिंग रोड से रांची सिटी रोड
  • पिस्कामोड़ से रवि स्टील चौक
  • हिनू एयरपोर्ट रोड
  • सैटेलाइट कॉलोनी से डिबडीह ब्रिज
  • कांके रिंग रोड से बिरसा यूनिवर्सिटी
  • रांची कॉलेज प्ले ग्राउंड से स्टेट गेस्ट हाउस
  • मेसरा रेलवे ओवरब्रिज से DPS ग्रेटर रांची मार्ग

सड़क हादसों पर लगेगी लगाम

ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि SVD कैमरे लगाने का मकसद सिर्फ जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा को मजबूत करना है। तेज रफ्तार सड़क दुर्घटनाओं की बड़ी वजह बन सकती है। ऐसे में स्पीड लिमिट का पालन कराने से हादसों को कम करने और सड़क पर वाहन चालकों के साथ पैदल चलने वालों की सुरक्षा बढ़ाने में मदद मिलेगी।

ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर लगातार कार्रवाई

रांची ट्रैफिक पुलिस पिछले कई महीनों से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चला रही है। नियम तोड़ने वालों के चालान काटे जा रहे हैं और जुर्माना भी वसूला जा रहा है।

अब ओवरस्पीडिंग पर SVD कैमरों के जरिए ऑटोमेटिक कार्रवाई शुरू होने से तेज रफ्तार वाहन चलाने वालों पर शिकंजा और कसने की तैयारी है। ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे सड़क पर निर्धारित गति सीमा का पालन करें और सुरक्षित तरीके से वाहन चलाएं।

YouTube Join Now
Facebook Join Now
Social Samvad MagazineJoin Now
---Advertisement---