सोशल संवाद / डेस्क : रामगढ़ जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र स्थित बड़की पुना गांव में सोमवार सुबह जंगली हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। करीब एक दर्जन हाथियों के गांव में घुस आने से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। हाथियों ने दो महिलाओं को कुचल दिया, जिसमें एक महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला का इलाज जारी है।

यह भी पढ़े : ओएमआर शीट हेराफेरी में ख्यांग्ते भी शामिल
हाथियों के अचानक गांव में घुसने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। अपनी जान बचाने के लिए कई ग्रामीण घरों की छतों पर चढ़ गए। बताया जा रहा है कि हाथियों का झुंड सुबह गांव में पहुंचा और कई इलाकों में तांडव मचाने लगा। इसी दौरान दोनों महिलाएं हाथियों की चपेट में आ गईं।
घटना की सूचना वन विभाग को दे दी गई है। वन विभाग की टीम से हाथियों को गांव से बाहर निकालने और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की उम्मीद है।
ग्रामीणों का कहना है कि रामगढ़ जिले में पिछले कई वर्षों से जंगली हाथियों का आतंक लगातार बना हुआ है। आए दिन हाथियों के गांवों में घुसने से जान-माल का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों के आतंक से स्थायी निजात दिलाने और प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।









