सोशल संवाद / रांची : नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ रांची पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जुमार पुल बस स्टैंड के पास से एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महिला के पास से 89.32 ग्राम ब्राउन शुगर, एक मोबाइल फोन और 20 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, बरामद ब्राउन शुगर की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये है।

यह भी पढे : दिमागी नक्सल बोलकर मोदी ने फजीहत करवा ली : सुधीर कुमार पप्पू
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस को 16 अगस्त को गुप्त सूचना मिली थी कि बिहार की ओर से एक महिला भारी मात्रा में ब्राउन शुगर लेकर रांची पहुंचने वाली है। सूचना मिलते ही इसकी जानकारी वरीय पुलिस अधीक्षक को दी गई।
इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक सदर के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने जुमार पुल बस स्टैंड के पास पहुंचकर संदिग्ध महिला का इंतजार शुरू किया।
पुलिस को देखते ही भागने लगी महिला
पुलिस के अनुसार, दोपहर करीब 3:10 बजे एक महिला ऑटो में अकेली बैठी दिखाई दी। पुलिस टीम को अपनी ओर आते देखकर महिला घबरा गई और ऑटो से उतरकर भागने लगी।
हालांकि, टीम में शामिल महिला चौकीदार की मदद से पुलिस ने पीछा कर महिला को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 89.32 ग्राम ब्राउन शुगर, मोबाइल फोन और 20 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।
43 वर्षीय मुन्नी देवी गिरफ्तार
पूछताछ में महिला ने अपना नाम मुन्नी देवी (43) बताया। पुलिस के अनुसार, वह रांची के सदर थाना क्षेत्र के जतराटांड स्थित कोकर बाजार के देवी मंडप के पास की रहने वाली है। उसके पति का नाम बाबला राम बताया गया है।
पुलिस अब महिला से पूछताछ कर ब्राउन शुगर की सप्लाई और इसके पीछे जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे रांची में किसे पहुंचाया जाना था।
रांची पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।









