सोशल संवाद डेस्क : मानगो पुल पर बुधवार दोपहर करीब 11:30 बजे अचानक ट्रैफिक का दबाव बढ़ने से भीषण जाम लग गया। पुल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

यह भी पढे : गृह मंत्रालय का आदेश: 2006 बैच के IPS अधिकारियों की मिड-करियर ट्रेनिंग 21 सितंबर से, केवड़िया में होगा आयोजन
जाम के कारण मानगो से साकची और साकची से आजादनगर, उलीडीह की ओर जाने वाले लोगों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा।
मानगो पुल पर घंटों रेंगते रहे वाहन
जाम इतना ज्यादा था कि पुल पर वाहन काफी धीमी गति से आगे बढ़ते नजर आए। मानगो से साकची जाने वाले और साकची से आजादनगर व उलीडीह की ओर जाने वाले वाहन जाम में फंस गए। रोजाना इस रास्ते से आने-जाने वाले राहगीरों और दैनिक यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी हुई।
जुलूस में जाने वाले लोग भी जाम में फंसे
पैगंबर मोहम्मद साहब के जन्मोत्सव के मौके पर आयोजित जुलूस-ए-मोहम्मदी में शामिल होने जा रहे कई लोग और उनके वाहन भी जाम में फंस गए। इससे सड़क पर वाहनों का दबाव और बढ़ गया।
ऑफिस जाने वाले कर्मचारियों और मरीजों को परेशानी
भीषण गर्मी के बीच लंबे समय तक जाम में फंसे रहने से ऑफिस जाने वाले कर्मचारियों, मरीजों और आम राहगीरों को काफी दिक्कत हुई। कई लोग अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए काफी देर तक जाम खुलने का इंतजार करते रहे।
ट्रैफिक पुलिस ने संभाली व्यवस्था
जाम की सूचना मिलते ही स्थानीय ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था को सामान्य कराने में जुट गई। हालांकि, वाहनों का भारी दबाव होने के कारण जाम पूरी तरह सामान्य होने में काफी समय लगा।









