सोशल संवाद/डेस्क : जुगसलाई स्थित टाटा पिगमेंट अंडरब्रिज में बारिश के बाद होने वाले जलजमाव को लेकर जुगसलाई नगर परिषद के पार्षद अनिल मोदी ने रेलवे प्रशासन और नगर परिषद से जल्द कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि थोड़ी बारिश होते ही अंडरब्रिज के नीचे पानी भर जाता है, जिससे आवागमन प्रभावित होने के साथ-साथ सड़क पर लंबा जाम लग जाता है।

यह भी पढे : सर दोराबजी टाटा की 167वीं जयंती पर जमशेदपुर में खास प्रदर्शनी, खेल विरासत को किया गया याद
अनिल मोदी ने कहा कि टाटा पिगमेंट अंडरब्रिज टाटानगर रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाकों को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। जलजमाव के कारण रोजाना बड़ी संख्या में वाहन और राहगीर फंस जाते हैं। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
त्योहारों के बीच बढ़ी लोगों की परेशानी
पार्षद ने कहा कि वर्तमान में राखी समेत कई त्योहारों के कारण बाजारों और प्रमुख सड़कों पर भीड़ बढ़ गई है। ऐसे में अंडरब्रिज में पानी जमा होने से लगने वाला जाम लोगों की परेशानी और बढ़ा रहा है।
उन्होंने बताया कि यात्रियों, व्यापारियों, स्थानीय निवासियों और टाटानगर रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले लोगों को जलजमाव और ट्रैफिक जाम के कारण काफी दिक्कत हो रही है।
रेलवे और नगर परिषद मिलकर करें कार्रवाई
अनिल मोदी ने रेलवे प्रशासन और जुगसलाई नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी से इस समस्या को गंभीरता से लेने की अपील की है। उन्होंने दोनों विभागों से संयुक्त रूप से तत्काल कदम उठाने और अंडरब्रिज में बेहतर जल निकासी की व्यवस्था करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि हर साल बारिश के दौरान टाटा पिगमेंट अंडरब्रिज में जलजमाव की समस्या सामने आती है। इसलिए केवल बारिश के समय अस्थायी जल निकासी की व्यवस्था करने के बजाय स्थायी और प्रभावी समाधान तैयार किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जलजमाव की समस्या दूर होने से बारिश के दौरान यातायात सुचारू रहेगा और टाटानगर स्टेशन आने-जाने वाले लोगों को जाम से राहत मिलेगी।









