सोशल संवाद / जमशेदपुर: भाजपा के वरिष्ठ नेता अमरप्रीत सिंह काले के बड़े भाई स्वर्गीय सरदार त्रिलोचन सिंह (पम्मी पाजी) को श्रद्धांजलि देने के लिए रांची, बोकारो, धनबाद, सरायकेला, चाईबासा समेत विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में सामाजिक, प्रशासनिक, राजनीतिक और व्यवसायिक क्षेत्र से जुड़े गणमान्य लोग पहुंचे।
यह भी पढे : Bistupur में श्री वेंकटेश्वर की लक्षार्चना, सैकड़ों श्रद्धालुओं ने लिया प्रसाद
श्रद्धांजलि सभा में प्रमुख रूप से पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्य सचिव अरुण सिंह, भाजपा के संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, महासचिव गणेश मिश्रा, सचिव सरोज सिंह, रांची के बलकार सिंह नामधारी, झारखंड हाईकोर्ट के अधिवक्ता कुमार वैभव और आजाद सिपाही अखबार के संपादक राकेश सिंह समेत कई लोगों ने स्वर्गीय सरदार त्रिलोचन सिंह को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
सभी ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और परिवार के सदस्यों को ढांढस बंधाया। साथ ही दिवंगत आत्मा की शांति और सद्गति के लिए प्रार्थना की।
इसके अलावा प्रधानमंत्री के वित्तीय सलाहकार गौरव वल्लभ का सांत्वना संदेश भी प्राप्त हुआ। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष इंदर सिंह नामधारी समेत कई गणमान्य लोगों ने भी अपने संदेशों के माध्यम से शोक संवेदना व्यक्त की।
सैकड़ों वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारियों, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों, कॉर्पोरेट जगत के अधिकारियों तथा विभिन्न धार्मिक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी अपनी संवेदना और श्रद्धांजलि संदेश प्रेषित किए।
अमरप्रीत सिंह काले ने इस दुख की घड़ी में परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करने, व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर श्रद्धांजलि देने और संदेशों के माध्यम से अपनी भावनाएं प्रकट करने वाले सभी लोगों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में सभी के स्नेह, आत्मीयता, संवेदना और साथ ने परिवार को संबल प्रदान किया है। परिवार उनके इस स्नेह और सहयोग को सदैव कृतज्ञता के साथ स्मरण रखेगा।










