सोशल संवाद / डेस्क : झारखंड के पलामू जिले में करमा पूजा के समापन पर करम डाली विसर्जन के दौरान दो अलग-अलग हादसों में 6 लोगों की डूबने से मौत हो गई। इनमें चैनपुर थाना क्षेत्र के बोकेया गांव के पास कोयल नदी में हुए हादसे में पांच लोगों की जान गई, जबकि पाटन थाना क्षेत्र के नानी झरिया में एक किशोरी की मौत हुई।
यह भी पढे : Jamshedpur: संताली फिल्म ‘आंगेन’ को National Film Award, निर्देशक Ravi Raj Murmu हुए सम्मानित
कोयल नदी में पांच लोगों की मौत
पहली घटना चैनपुर थाना क्षेत्र के बोकेया पतरिया गांव के पास हुई। करमा पूजा की सामग्री और करम डाली के विसर्जन के लिए लोग बुधवार सुबह कोयल नदी पहुंचे थे। इसी दौरान आठ वर्षीय हेमंत कुमार सिंह नदी की गहराई में चला गया।
उसे बचाने के लिए चार अन्य लोग नदी में कूद गए। पुलिस के अनुसार नदी की तेज धारा और गहराई के कारण सभी डूब गए। हादसे में अमित कुमार ठाकुर (22), नीतीश कुमार सिंह (18), विशाल पासवान (16), राजा सिंह (12) और हेमंत कुमार सिंह (8) की मौत हुई। सभी शवों को नदी से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
दूसरी घटना में किशोरी की मौत
वहीं दूसरी घटना पाटन थाना क्षेत्र के नानी झरिया में हुई। यहां करम डाली विसर्जन के दौरान 16 वर्षीय सिंपी कुमारी पानी में डूब गई। स्थानीय लोगों की मदद से उसका शव बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया।
करमा पूजा की खुशियां मातम में बदलीं
एक ही जिले में करमा पूजा के विसर्जन के दौरान हुए इन हादसों से कई परिवारों में मातम पसर गया। करमा पर्व के बाद करम पेड़ की डाली का विसर्जन पारंपरिक रूप से किया जाता है। इसी दौरान दोनों स्थानों पर हादसे हुए।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। घटनाओं के बाद प्रभावित गांवों में शोक का माहौल है।











