सोशल संवाद / रांची: राजधानी रांची के धुर्वा स्थित JSCA क्रिकेट स्टेडियम में 9 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। मैच में बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संयुक्त सुरक्षा आदेश जारी किया है।
यह भी पढ़े : जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में पहली बार इंटर कॉलेज टूर्नामेंट, 7 संस्थानों के खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम
ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को मिलेगा ड्यूटी कार्ड
प्रशासन ने सुरक्षा ड्यूटी में तैनात सभी दंडाधिकारियों और पुलिसकर्मियों को ड्यूटी कार्ड देने का फैसला किया है। इस कार्ड पर संबंधित कर्मी की तैनाती वाली जगह दर्ज होगी। ड्यूटी के दौरान वर्दी में रहना अनिवार्य होगा।
प्रशासन ने साफ निर्देश दिया है कि कोई भी कर्मी अपनी तैनाती वाली जगह छोड़कर स्टेडियम के अंदर मैच देखने नहीं जाएगा। यदि कोई कर्मचारी ड्यूटी से गायब पाया जाता है तो उसके खिलाफ निलंबन और विभागीय कार्रवाई समेत सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है।
सभी सुरक्षा कर्मियों को मैच शुरू होने से लेकर दर्शकों के स्टेडियम से पूरी तरह बाहर निकलने तक अपनी ड्यूटी पर तैनात रहना होगा।
बिना टिकट या पास के नहीं मिलेगी एंट्री
JSCA स्टेडियम में प्रवेश के लिए वैध टिकट या पास जरूरी होगा। बिना टिकट या पास के किसी भी व्यक्ति को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। सुरक्षा बलों को जबरन प्रवेश करने की कोशिश करने वालों को रोकने के निर्देश दिए गए हैं। स्टेडियम के प्रवेश द्वारों पर दर्शकों की सघन जांच की जाएगी। सुरक्षा कारणों से हथियार, पटाखे, कैमरा, ट्रांजिस्टर, बोतल, झोला, पेन, अखबार, फल, अंडे, नशीले पदार्थ और अन्य आपत्तिजनक सामान ले जाने पर रोक रहेगी।
थाना प्रभारियों को विशेष गश्ती के निर्देश
मैच के दौरान किसी भी तरह के विवाद या अप्रिय घटना को रोकने के लिए थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष गश्ती करने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन ने असामाजिक तत्वों पर पहले से नजर रखने और खुफिया इनपुट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है।
प्रशासन को आशंका है कि मैच के दौरान दर्शकों के अलग-अलग समूहों के बीच विवाद या मारपीट की स्थिति बन सकती है। ऐसे में पुलिस को संवेदनशील इलाकों और स्टेडियम के आसपास विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले इस मुकाबले को लेकर रांची में क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह है। वहीं, प्रशासन की कोशिश है कि मैच बिना किसी अप्रिय घटना के शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो।











