सोशल संवाद / जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान सीतारामडेरा थाना पुलिस ने हथियार के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुकू कर्मकार उर्फ सुकू लोहार (24) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक देशी पिस्टल और मैगजीन बरामद की है।
यह भी पढ़े : जिला बदर होने के बावजूद जमशेदपुर में मौजूद था सोनू शंख, पुलिस ने किया गिरफ्तार
सिटी SP ललित मीणा ने बताया कि14 अक्टूबर की रात करीब 11:30 बजे वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि मानगो बस स्टैंड के पास भुइयांडीह इलाके में एक अपराधी हथियार लेकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक (नगर) की निगरानी में सहायक पुलिस अधीक्षक (मु.-1) के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
पुलिस को देखकर नदी की ओर भागने लगा आरोपी
छापेमारी टीम जब पांडेय घाट पहुंची, तो पुलिस वाहन को देखकर एक संदिग्ध व्यक्ति मुख्य सड़क से नीचे स्वर्णरेखा नदी की ओर भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे नदी के पास पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कंधे पर लटके पिट्ठू बैग से कपड़े में लपेटकर रखा गया एक काले रंग का देशी पिस्टल और मैगजीन बरामद की गई।
गिरोह से जुड़े होने का दावा
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह मासूक मनीष गिरोह के लिए काम करता है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहले भी हत्या और फायरिंग से जुड़े मामलों में जेल जा चुका है।
गिरफ्तार आरोपी का वर्तमान पता भुइयांडीह स्थित कानू भट्ठा, काली मंदिर के पीछे बताया गया है, जबकि उसका स्थायी पता छायानगर स्थित मनसा मंदिर के पीछे, सीतारामडेरा है।
आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है ।











