सोशल संवाद / डेस्क : India-Israel : इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इजरायल के स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने का विशेष निमंत्रण दिया है। उन्होंने भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर के साथ समारोह में मशाल जलाने के लिए पीएम मोदी को आमंत्रित किया है। यह निमंत्रण उस पायलट के साहस के सम्मान में दिया गया है, जिसने दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में कथित हाईजैक की कोशिश को नाकाम करने में अहम भूमिका निभाई थी।
यह भी पढ़े : MCD सदन में फंड को लेकर हंगामा, AAP का आरोप- मुद्दा भटकाने के लिए पार्षद शगुफ्ता जुबैर पर अभद्र टिप्पणी
नेतन्याहू ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
इजरायली प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बातचीत की और उन्हें स्वतंत्रता दिवस समारोह में मशाल जलाने के लिए आमंत्रित किया। नेतन्याहू के अनुसार, पीएम मोदी ने निमंत्रण के लिए धन्यवाद दिया और भारत-इजरायल के लंबे समय से चले आ रहे संबंधों की सराहना की।
नेतन्याहू ने यह भी कहा कि दोनों देश जमीन और हवा में आतंकवाद के खिलाफ मिलकर काम कर रहे हैं। हालांकि, भारत की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी में इस निमंत्रण को स्वीकार करने की पुष्टि नहीं की गई है।
कौन हैं कैप्टन स्मित मच्छर?
कैप्टन स्मित मच्छर गुजरात के रहने वाले भारतीय पायलट हैं। 30 सितंबर 2026 को वह फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 में ड्यूटी पर थे। यह विमान दुबई से तेल अवीव जा रहा था और उसमें 174 यात्री सवार थे।
रिपोर्टों के मुताबिक, उड़ान के दौरान उनके सह-पायलट ने कथित तौर पर कॉकपिट में उन पर हमला किया और विमान को हाईजैक करने की कोशिश की। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद स्मित मच्छर ने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफलता हासिल की, जिससे चालक दल और यात्रियों को हमलावर को काबू करने में मदद मिली। इसके बाद विमान की सऊदी अरब में आपात लैंडिंग कराई गई। सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया।
इजरायल पहले भी कर चुका है सम्मानित करने की घोषणा
इस घटना के बाद इजरायल के राष्ट्रपति इसहाक हर्जोग ने भी कैप्टन स्मित मच्छर को सम्मानित करने के लिए इजरायल आने का निमंत्रण दिया था। उन्हें नागरिक वीरता के लिए राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित करने की बात कही गई है।
अब प्रधानमंत्री नेतन्याहू की ओर से पीएम मोदी और भारतीय पायलट को एक साथ मशाल जलाने का निमंत्रण दिया जाना इस घटना को लेकर भारत और इजरायल के बीच चर्चा का विषय बना है।
भारत-इजरायल संबंधों पर भी हुई बातचीत
प्रधानमंत्री मोदी और नेतन्याहू ने फोन पर बातचीत के दौरान दोनों देशों के रणनीतिक संबंधों की समीक्षा की। साथ ही पश्चिम एशिया के हालात पर चर्चा करते हुए क्षेत्र में शांति और स्थिरता बहाल करने की जरूरत पर जोर दिया।
पीएम मोदी ने भारत की ओर से संवाद और कूटनीति को आगे बढ़ाने की बात दोहराई। दोनों नेताओं ने भारत और इजरायल के बीच सहयोग को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता भी जताई।
इजरायल का स्वतंत्रता दिवस समारोह अगले साल मई में आयोजित होगा। फिलहाल पीएम मोदी की इसमें भागीदारी को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।










