सोशल संवाद / डेस्क : भारतीय क्रिकेट टीम ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में उतरते ही टीम इंडिया ने इस फॉर्मेट में अपने 300 मैच पूरे कर लिए। इसके साथ ही भारत पुरुष टी20 इंटरनेशनल में 300 मुकाबले खेलने वाली दुनिया की दूसरी टीम बन गया है। इससे पहले पाकिस्तान यह मुकाम हासिल कर चुका है।
यह भी पढ़े : KL Rahul Video: गेंद रोकने के चक्कर में खुद ही स्टंप पर मार दिया बल्ला, हिट विकेट होकर लौटे पवेलियन
श्रेयस अय्यर की कप्तानी में हासिल की उपलब्धि
भारत ने यह ऐतिहासिक उपलब्धि 24 अक्टूबर 2026 को न्यूजीलैंड के खिलाफ क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में खेले गए दूसरे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में हासिल की। इस मैच में भारतीय टीम की कप्तानी श्रेयस अय्यर ने की। पाकिस्तान अब तक 304 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेल चुका है, जबकि भारत के मैचों की संख्या 300 हो गई है। न्यूजीलैंड 269 मुकाबलों के साथ इस सूची में तीसरे स्थान पर है।
जीत के मामले में भारत सबसे आगे
टी20 इंटरनेशनल में मैचों की संख्या के मामले में भले ही पाकिस्तान भारत से आगे है, लेकिन जीत के मामले में टीम इंडिया का रिकॉर्ड बेहतर है। न्यूजीलैंड के खिलाफ इस मुकाबले से पहले भारत ने अपने 299 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 199 जीत दर्ज की थीं। पाकिस्तान के नाम 176 जीत थीं।
न्यूजीलैंड को हराकर भारत ने दर्ज की 200वीं जीत
ऐतिहासिक 300वें मुकाबले में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को चार विकेट से हराकर इस उपलब्धि को और खास बना दिया। न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट पर 180 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम ने छह विकेट खोकर 19.5 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।
एक समय भारत ने 70 रन पर पांच विकेट गंवा दिए थे, लेकिन तिलक वर्मा और नीतीश कुमार रेड्डी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को जीत दिलाई। तिलक वर्मा ने नाबाद 51 रन बनाए, जबकि नीतीश कुमार रेड्डी 26 रन बनाकर नाबाद रहे। दोनों के बीच सातवें विकेट के लिए 30 गेंदों में 69 रन की अहम साझेदारी हुई। इस जीत के साथ भारत ने पुरुष टी20 इंटरनेशनल में अपनी 200वीं जीत भी दर्ज की।
टीम इंडिया की यह उपलब्धि टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में उसके लगातार मजबूत प्रदर्शन को दर्शाती है। 300 मैच खेलने और 200 जीत हासिल करने वाला भारत इस फॉर्मेट में अपनी बादशाहत को और मजबूत कर चुका है।










