सोशल संवाद / डेस्क : जिले के टोंटो, गुदड़ी, मंझारी, तांतनगर, चक्रधरपुर, झींकपानी और मनोहरपुर प्रखंडों में ऑस्टियोआर्थराइटिस एवं विशेष वृद्धजन आयुष स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों के माध्यम से कुल 436 लाभार्थियों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। शिविरों का उद्देश्य लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ वृद्धजनों को जोड़ों और मांसपेशियों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था।
यह भी पढ़े : घाटशिला के कीताडीह गांव में NSS का सतर्कता अभियान, ग्रामीणों को दिया भ्रष्टाचार मुक्त समाज का संदेश
रक्तचाप, मधुमेह और हीमोग्लोबिन की जांच
शिविरों में लाभार्थियों के रक्तचाप, मधुमेह और हीमोग्लोबिन की जांच की गई। जरूरतमंदों के बीच निःशुल्क आयुष औषधियों का वितरण भी किया गया। इसके अलावा योग सत्र आयोजित कर लोगों को नियमित योगाभ्यास और शारीरिक गतिविधियों को अपनी दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया।
चिकित्सकों ने दीं स्वास्थ्य संबंधी सलाह
शिविरों में आयुष सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी डॉ. दीपक कुमार लायक, डॉ. सूर्या भूषण देवगम, डॉ. कविता मैती, डॉ. धर्म राज सिंह, डॉ. प्रदीप गुड़िया, डॉ. अनीश कुमार, डॉ. निशा सुम्बरुई, डॉ. मैनुद्दीन अंसारी, डॉ. आशिक अंसारी, डॉ. श्रवण कुमार यादव, डॉ. राधिका कुमारी और डॉ. टिम्मा रानी हेम्ब्रम ने अपनी सेवाएं दीं। शिविरों के सफल संचालन में योग प्रशिक्षकों और सहियाओं ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।
चिकित्सकों ने लोगों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने, पर्याप्त स्वच्छ पानी पीने, व्यक्तिगत और आसपास की साफ-सफाई बनाए रखने तथा नियमित शारीरिक गतिविधियां करने की सलाह दी।
वृद्धजनों को जोड़ों के स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक
विशेष रूप से वृद्धजनों को जोड़ों और मांसपेशियों के स्वास्थ्य का ध्यान रखने, लंबे समय तक एक ही स्थिति में नहीं बैठने तथा अपनी शारीरिक क्षमता के अनुसार व्यायाम करने के लिए जागरूक किया गया।
चिकित्सकों ने बताया कि जोड़ों में दर्द, अकड़न या चलने-फिरने में परेशानी होने पर समय पर जांच कराना और उचित चिकित्सकीय परामर्श लेना जरूरी है। ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या की स्थिति में नजदीकी सहिया से संपर्क करने और आवश्यक जांच एवं उपचार के लिए निकटतम स्वास्थ्य केंद्र जाने की सलाह दी गई।










