सोशल संवाद / डेस्क : WhatsApp यूजर्स के लिए एक नया और दिलचस्प फीचर आ रहा है। अब यूजर्स अपनी प्रोफाइल पर Facebook की तरह Cover Photo लगा सकेंगे। इससे WhatsApp प्रोफाइल को पहले से ज्यादा आकर्षक और पर्सनलाइज्ड बनाया जा सकेगा। फिलहाल यह फीचर कुछ बीटा यूजर्स के लिए रोलआउट किया जा रहा है।
यह भी पढे : GPS बंद होने पर भी ट्रैक हो सकती है आपकी लोकेशन, फोन का Wi-Fi खोल सकता है आपकी जगह का राज
प्रोफाइल फोटो के ऊपर दिखेगी Cover Photo
अब तक WhatsApp के पर्सनल अकाउंट में यूजर्स केवल प्रोफाइल फोटो लगा सकते थे, लेकिन नए अपडेट के बाद प्रोफाइल फोटो के ऊपर एक बड़ी लैंडस्केप इमेज लगाने का विकल्प मिलेगा। यह कवर फोटो प्रोफाइल पेज के साथ-साथ ऐप की सेटिंग्स में भी दिखाई देगी।
जब कोई दूसरा यूजर आपकी चैट की इन्फो स्क्रीन खोलेगा, तो उसे प्रोफाइल फोटो के ऊपर कवर फोटो भी नजर आएगी। इससे यूजर्स अपनी पसंद, रुचि और पर्सनैलिटी को बेहतर तरीके से दिखा सकेंगे।
गैलरी से फोटो चुनने के साथ Meta AI का भी विकल्प
इस फीचर के जरिए यूजर्स अपनी पसंद की कवर फोटो लगा सकेंगे। इसके लिए WhatsApp तीन विकल्प दे सकता है। यूजर्स चाहें तो कैमरे से नई तस्वीर ले सकते हैं, फोन की गैलरी से फोटो चुन सकते हैं या Meta AI की मदद से नई इमेज तैयार कर सकते हैं। चुनी गई तस्वीर को WhatsApp अपने लैंडस्केप फॉर्मेट के अनुसार क्रॉप करेगा।
कवर फोटो की प्राइवेसी भी कर सकेंगे कंट्रोल
WhatsApp इस फीचर के साथ प्राइवेसी कंट्रोल भी दे रहा है। यूजर्स तय कर सकेंगे कि उनकी कवर फोटो कौन देख सकता है। इसके लिए चार विकल्प मिलेंगे:
- Everyone: सभी लोग कवर फोटो देख सकेंगे।
- My Contacts: केवल सेव किए गए कॉन्टैक्ट्स फोटो देख सकेंगे।
- My Contacts Except: चुने हुए कॉन्टैक्ट्स को फोटो देखने से रोक सकेंगे।
- Nobody: कोई भी कवर फोटो नहीं देख पाएगा।
इस तरह यूजर्स अपनी जरूरत के अनुसार कवर फोटो की विजिबिलिटी तय कर सकेंगे।
कब तक सभी यूजर्स को मिलेगा फीचर?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, Android के WhatsApp बीटा वर्जन 2.26.43.11 में यह फीचर कुछ यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं iPhone यूजर्स के लिए iOS बीटा वर्जन 26.43.10.70 में भी इसकी टेस्टिंग शुरू हो गई है। फिलहाल यह सुविधा सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध नहीं है और इसे धीरे-धीरे रोलआउट किया जा रहा है। WhatsApp ने अभी इसके स्टेबल वर्जन में आने की आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की है।










