सोशल संवाद / डेस्क : गुजरात के वडोदरा में एक पालतू तोते के लापता होने का मामला चर्चा में है। सेवासी रोड स्थित इस्कॉन हाइट्स में रहने वाले पारिख परिवार का प्यारा तोता ‘लड्डू’ 31 अक्टूबर की शाम से गायब है। परिवार उसे वापस पाने के लिए हर संभव कोशिश कर रहा है। हालात ऐसे हैं कि उसकी तलाश में दिन-रात एक कर दिया गया है। परिवार ने लड्डू को सुरक्षित वापस लाने वाले व्यक्ति के लिए 1 लाख रुपये के नकद इनाम की भी घोषणा की है।
यह भी पढ़े : Agniveer Scheme Update: अग्निवीरों को 2 साल का सर्विस एक्सटेंशन, 6 साल बाद परमानेंट बनने का मौका
31 अक्टूबर की शाम घर से उड़ गया लड्डू
जेसिका पारिख के मुताबिक, 31 अक्टूबर की शाम करीब 7:24 बजे तोते के पिंजरे का दरवाजा खुला हुआ था। इसी दौरान लड्डू घर के मुख्य दरवाजे से बाहर निकल गया और उड़कर कहीं चला गया। शुरुआत में परिवार को उम्मीद थी कि वह आसपास किसी पेड़ या छत पर बैठा होगा और जल्द लौट आएगा। लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला।
लड्डू की आवाज और सीटियों से की जा रही तलाश
तोते को वापस बुलाने के लिए परिवार ने अलग-अलग इलाकों में लाउडस्पीकर लगवाए हैं। सेवासीमा, गोत्री और भाईली जैसे क्षेत्रों में लड्डू की रिकॉर्ड की गई आवाज और उसकी परिचित सीटियां बजाई जा रही हैं। परिवार को उम्मीद है कि अपनी जानी-पहचानी आवाज सुनकर वह वापस लौट आएगा।
एनिमल एक्सपर्ट्स के अनुमान के मुताबिक, लड्डू आसपास के करीब दो किलोमीटर के दायरे में हो सकता है। हालांकि, परिवार ने इस दायरे से बाहर भी उसकी तलाश जारी रखी है।
लड्डू की देखभाल के लिए छोड़ दी थी टीचर की नौकरी
इस कहानी का सबसे भावुक पहलू जेसिका पारिख का लड्डू से जुड़ाव है। जेसिका मुंबई के रास्ते पुणे के एक ब्रीडर से लड्डू को लेकर आई थीं। महज छह महीने और 18 दिन की उम्र में ही वह परिवार का अहम हिस्सा बन गया था।
जेसिका ने उसकी देखभाल और परवरिश के लिए एक निजी स्कूल में टीचर की नौकरी तक छोड़ दी थी। उनकी रोजमर्रा की जिंदगी लड्डू के इर्द-गिर्द ही गुजरती थी। यही वजह है कि उसके अचानक लापता होने से पूरा परिवार परेशान है।
लड्डू को वापस लाने वाले को मिलेगा 1 लाख रुपये
पारिख परिवार ने घोषणा की है कि जो भी व्यक्ति लड्डू को सुरक्षित ढूंढकर वापस लाएगा, उसे 1 लाख रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा। परिवार वीडियो कॉल के जरिए भी तोते की पहचान की पुष्टि करने को तैयार है।
फिलहाल, परिवार को उम्मीद है कि उनका लाडला तोता जल्द सुरक्षित घर लौट आएगा। लड्डू की तलाश में परिवार की यह कोशिश अब इलाके में चर्चा का विषय बन गई है।











