सोशल संवाद / डेस्क : गांधी परिवार के भीतर सोनिया गांधी और मेनका गांधी के रिश्तों को लेकर लंबे समय से कई तरह की चर्चाएं होती रही हैं। अब सोनिया गांधी ने अपनी नई किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ में इन रिश्तों के शुरुआती दिनों से लेकर मेनका गांधी के घर छोड़ने तक की घटनाओं का जिक्र किया है। सोनिया ने बताया है कि शुरुआत में मेनका के साथ उनका रिश्ता काफी सहज था। यहां तक कि वह मेनका की हंसी सुनकर उनके कमरे में चली जाती थीं और उनकी बातें सुनने बैठ जाती थीं। लेकिन वक्त के साथ दोनों के बीच दूरियां बढ़ती गईं और परिवार का माहौल भी बदल गया।
यह भी पढ़े : संसद का मानसून सत्र 88 दिन से लंबित, टूटा 2008 का रिकॉर्ड; विशेष बैठक की अटकलें तेज
हार्परकॉलिन्स इंडिया ने सोनिया गांधी की 526 पन्नों की यह किताब 10 नवंबर को प्रकाशित की है। पीटीआई, एनडीटीवी और ‘द वीक’ की रिपोर्ट के मुताबिक, किताब में सोनिया ने मेनका के साथ अपने रिश्तों, संजय गांधी की मौत के बाद परिवार में पैदा हुए हालात और मेनका के घर छोड़ने की घटना को याद किया है।
18 साल की उम्र में गांधी परिवार की बहू बनी थीं मेनका
सोनिया गांधी के संस्मरण के मुताबिक, संजय गांधी की मुलाकात मेनका से 1973 के आखिरी महीनों में हुई थी। इसके करीब एक साल बाद दोनों ने शादी कर ली। शादी के समय मेनका की उम्र महज 18 साल थी।
सोनिया ने मेनका को जोश से भरी, मिलनसार और बातचीत पसंद करने वाली युवती बताया है। उनके मुताबिक, मेनका के घर आने से शुरुआत में परिवार का माहौल खुशनुमा हो गया था। सोनिया को भी एक युवा देवरानी का साथ अच्छा लगा था।
सोनिया लिखती हैं कि कई बार मेनका की हंसी सुनकर वह उनके कमरे में पहुंच जाती थीं और उनसे पूछती थीं कि आखिर किस बात पर इतनी हंसी आ रही है। इसके बाद वह भी वहीं बैठकर मेनका की बातें सुनने लगती थीं। प्रियंका गांधी भी अपनी चाची मेनका के करीब थीं और अक्सर उनके कमरे में बैठकर उनकी कहानियां सुना करती थीं।
‘बहूरानी’ और ‘छोटी बहू’ के संबोधन से बढ़ी दूरी?
किताब में सोनिया ने घर के भीतर इस्तेमाल होने वाले दो संबोधनों का भी जिक्र किया है। उनके मुताबिक, परिवार के कर्मचारी उन्हें ‘बहूरानी’ और मेनका को ‘छोटी बहू’ कहकर बुलाते थे।
सोनिया का कहना है कि उनकी नजर में दोनों बहुएं परिवार का बराबर हिस्सा थीं और दोनों के लिए घर में पर्याप्त जगह थी। हालांकि, उन्हें लगता है कि शायद मेनका इन अलग-अलग संबोधनों को अपने से कमतर व्यवहार के रूप में देखती थीं।
सोनिया लिखती हैं कि मेनका का लहजा कई बार उन्हें रूखा लगता था, लेकिन घर में शांति बनाए रखने के लिए वह अक्सर चुप रह जाती थीं। हालांकि, जब बात हद से आगे बढ़ती थी, तो वह भी कड़े शब्दों में जवाब देती थीं।
उन्होंने यह भी माना कि मेनका जैसी मिलनसार और लोगों के बीच रहना पसंद करने वाली युवती के लिए संयुक्त परिवार के माहौल में खुद को ढालना आसान नहीं रहा होगा। परिवार के सदस्य अपने-अपने काम में व्यस्त रहते थे, जिससे मेनका को घर का माहौल बंधा हुआ और नीरस महसूस होता होगा।
संजय गांधी की मौत के बाद मेनका की राजनीतिक महत्वाकांक्षा का जिक्र
23 जून 1980 को विमान दुर्घटना में संजय गांधी की मौत के बाद गांधी परिवार के सामने मेनका की राजनीतिक भूमिका को लेकर सवाल खड़ा हुआ। सोनिया के मुताबिक, उस समय इंदिरा गांधी मेनका को कांग्रेस में नेतृत्व की जिम्मेदारी देने के पक्ष में नहीं थीं।
सोनिया लिखती हैं कि इंदिरा गांधी का मानना था कि मेनका अभी महज 23 साल की हैं और इतनी कम उम्र में बड़ी राजनीतिक जिम्मेदारी संभालना उनके लिए जल्दबाजी होगी। उनका बेटा वरुण भी उस समय केवल तीन महीने का था। इंदिरा चाहती थीं कि मेनका पहले बच्चे की देखभाल पर ध्यान दें। उनके पास आगे राजनीति में काम करने के लिए काफी समय था।
हालांकि, सोनिया के अनुसार, जल्द ही यह स्पष्ट होने लगा कि मेनका की राजनीतिक योजनाएं अलग थीं। इस मुद्दे पर परिवार के भीतर मतभेद बढ़ने लगे और इसका असर आपसी रिश्तों पर भी पड़ा।
इंदिरा गांधी ने मेनका के सामने रखे थे दो विकल्प
सोनिया गांधी ने किताब में मेनका के घर छोड़ने की घटना का भी विस्तार से जिक्र किया है। उनके मुताबिक, जब इंदिरा गांधी सरकारी दौरे पर लंदन गई हुई थीं, तब उन्हें जानकारी मिली कि मेनका घर से अपना सामान बाहर निकलवा रही हैं।
लंदन से लौटने के बाद इंदिरा गांधी ने मेनका के सामने दो विकल्प रखे। सोनिया के संस्मरण के अनुसार, इंदिरा ने उनसे कहा कि वह उन राजनीतिक गतिविधियों को बंद करें, जिन पर उन्हें आपत्ति थी, या फिर परिवार का घर छोड़कर कहीं और रहने लगें।
सोनिया लिखती हैं कि इसके बाद मेनका ने इंदिरा गांधी को एक पत्र भेजा, जिसमें कई आरोप लगाए गए थे। एनडीटीवी में प्रकाशित किताब के अंश के मुताबिक, जिस समय मेनका घर छोड़ रही थीं और इंदिरा गांधी के साथ उनकी कहासुनी हुई, उस समय राजीव और सोनिया गांधी घर पर मौजूद नहीं थे।
इसके बावजूद सोनिया का दावा है कि मेनका ने घर छोड़ने की घटना के लिए इंदिरा गांधी के साथ राजीव और उन्हें भी जिम्मेदार ठहराया।
घर का विवाद राजनीतिक गलियारों और मीडिया तक पहुंचा
सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण में आरोप लगाया है कि मेनका के घर छोड़ने की घटना को इस तरह सार्वजनिक किया गया कि इसकी चर्चा परिवार की चारदीवारी से निकलकर राजनीतिक गलियारों और मीडिया तक पहुंच गई।
उन्होंने उस पूरे घटनाक्रम के सार्वजनिक प्रचार पर भी सवाल उठाया है। सोनिया ने किताब में लिखा है कि जिस तरह मेनका के जाने की घटना सामने आई और उसके बाद इसका प्रचार हुआ, उसे आज के दौर में ‘रियलिटी शो’ कहा जा सकता है।
फिलहाल मेनका गांधी या उनके परिवार की ओर से सोनिया गांधी के इन संस्मरणों पर कोई टिप्पणी सामने नहीं आई है।
सोनिया की किताब में रिश्तों के दो अलग-अलग दौर
सोनिया गांधी की किताब में मेनका के साथ उनके रिश्तों की शुरुआत काफी आत्मीय नजर आती है। एक तरफ वह मेनका की हंसी, उनकी बातचीत और प्रियंका के साथ उनके जुड़ाव को याद करती हैं, तो दूसरी तरफ आगे चलकर परिवार में बढ़ते मतभेदों और घर छोड़ने की घटना का जिक्र करती हैं।
इस तरह ‘Belonging: A Journey of Love’ में सोनिया गांधी ने गांधी परिवार के भीतर के उन पुराने घटनाक्रमों को अपने नजरिये से सामने रखा है, जिनमें पारिवारिक रिश्तों के साथ राजनीति भी जुड़ी हुई थी।











