सोशल संवाद / डेस्क : भारत सरकार ने विदेशी नागरिकों के लिए वीजा प्रक्रिया को आसान बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय (MHA) ने देश की वीजा व्यवस्था में बदलाव करते हुए मुख्य वीजा श्रेणियों की संख्या 13 से घटाकर 9 कर दी है। वहीं, वीजा की उप-श्रेणियों को भी 49 से घटाकर 23 किया गया है। इसके साथ ही आवेदन फॉर्म में भरी जाने वाली जानकारियों और कॉलम की संख्या में 65 से 70 प्रतिशत तक कटौती की गई है।
यह भी पढे : Jamshedpur Telco Land Dispute: टाटा मोटर्स की 300 एकड़ जमीन पर सवाल, DC को नोटिस
सरकार का उद्देश्य वीजा आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाना, अलग-अलग श्रेणियों के बीच भ्रम कम करना और भारत आने वाले विदेशी पर्यटकों, छात्रों, मरीजों, शोधकर्ताओं तथा कारोबारी पेशेवरों के लिए प्रक्रिया को सुविधाजनक बनाना है। गृह मंत्रालय ने इन बदलावों की घोषणा 11 नवंबर 2026 को की है। नई व्यवस्था के तहत वीजा जारी करने के लिए आईटी सिस्टम को अपडेट किया जा रहा है। उम्मीद है कि वर्ष 2026 के अंत तक संशोधित व्यवस्था लागू हो जाएगी।
Tourist Visa का नाम बदलकर Visitor Visa
वीजा व्यवस्था में सबसे अहम बदलाव Tourist Visa को Visitor Visa नाम देना है। अब इस श्रेणी में केवल घूमने-फिरने के अलावा कई अन्य अल्पकालिक गतिविधियों को भी शामिल किया गया है। इसे दो उप-श्रेणियों में बांटा गया है।
- V-1 Visitor Visa: यह 30 दिनों के लिए मल्टीपल एंट्री के साथ जारी किया जाएगा। इसके तहत पर्यटन के अलावा बिजनेस मीटिंग, मेडिकल कंसल्टेशन, वेलनेस रिट्रीट, कम अवधि के इलाज और भारतीय भाषाओं, संगीत, कला एवं शिल्प से जुड़े छोटे पाठ्यक्रमों में भाग लेने की अनुमति होगी।
- V-2 Visitor Visa: यह एक, पांच या दस साल की वैधता के साथ जारी किया जा सकेगा। इसमें V-1 के तहत अनुमत गतिविधियों के अलावा पर्वतारोहण को भी शामिल किया गया है। पर्वतारोहण के लिए छह महीने का मल्टीपल एंट्री वीजा दिया जाएगा।
मेडिकल वीजा की व्यवस्था में भी बदलाव
भारत में इलाज कराने आने वाले विदेशी नागरिकों के लिए मेडिकल वीजा की श्रेणियों को भी व्यवस्थित किया गया है। नई व्यवस्था में सामान्य चिकित्सा और आयुष उपचार के लिए अलग-अलग प्रावधान किए गए हैं। मरीजों के साथ आने वाले अटेंडेंट के लिए भी अलग श्रेणियां रखी गई हैं।
इसका उद्देश्य विदेशी मरीजों को भारत में इलाज कराने के लिए अधिक स्पष्ट और सुविधाजनक वीजा विकल्प उपलब्ध कराना है।
अब सिर्फ 9 मुख्य श्रेणियों में मिलेगा वीजा
नई व्यवस्था के तहत भारत की वीजा प्रणाली में नौ मुख्य श्रेणियां होंगी:
- बिजनेस वीजा
- डिप्लोमैटिक वीजा
- वर्क वीजा
- जर्नलिस्ट वीजा
- मेडिकल वीजा
- ऑफिशियल वीजा
- स्टूडेंट वीजा
- विजिटर वीजा
- मिसलेनियस वीजा
मिसलेनियस वीजा के तहत भारतीय मूल के लोगों, उनके जीवनसाथी और बच्चों, लंबी अवधि के वीजा धारकों के आश्रितों तथा कुछ विशेष श्रेणियों के विदेशी नागरिकों को शामिल किया गया है।
आवेदन फॉर्म में 70% तक कम होंगे कॉलम
वीजा प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए आवेदन फॉर्म में भी बड़ा बदलाव किया गया है। सभी 23 उप-श्रेणियों के आवेदन फॉर्म में जरूरी कॉलम और जानकारियों की संख्या 65 से 70 प्रतिशत तक घटाई गई है। इससे विदेशी आवेदकों को फॉर्म भरने में कम समय लगेगा और वीजा प्रक्रिया को अधिक सरल बनाने में मदद मिलेगी।
फिलहाल भारत की ई-वीजा सुविधा 172 देशों के नागरिकों के लिए उपलब्ध है। गृह मंत्रालय नई व्यवस्था लागू करने के लिए अपने आईटी सिस्टम को अपडेट कर रहा है। नई व्यवस्था के तहत वर्ष के अंत तक वीजा जारी किए जाने की उम्मीद है।
पहले भी बदली गई थी वीजा व्यवस्था
भारत सरकार ने अक्टूबर 2025 में भी वीजा प्रणाली को सरल बनाने के लिए बदलाव किए थे। उस समय मुख्य वीजा श्रेणियों की संख्या 22 से घटाकर 13 और उप-श्रेणियों की संख्या 63 से घटाकर 49 की गई थी। अब दूसरे चरण में इन्हें और कम करके 9 मुख्य श्रेणियों और 23 उप-श्रेणियों तक सीमित कर दिया गया है।
सरकार के अनुसार, इन बदलावों से विदेशी नागरिकों के लिए भारत आना, पढ़ाई करना, इलाज कराना और कारोबार से जुड़ी गतिविधियां करना अधिक सुविधाजनक हो सकेगा।











