बरहेट में झामुमो को बड़ा झटका, राजा राम मरांडी सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल

By Tamishree Mukherjee

Published :

Follow
Raja Ram Marandi Joins BJP

Join WhatsApp

Join Now

सोशल संवाद / साहेबगंज: झारखंड की राजनीति में एक बार फिर दल-बदल का मामला सामने आया है। साहेबगंज जिले के बरहेट विधानसभा क्षेत्र में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के वरिष्ठ नेता राजा राम मरांडी ने अपने सैकड़ों समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया। बुधवार को बरहेट के झबरी में आयोजित मिलन समारोह में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की मौजूदगी में उन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

यह भी पढ़े : इंडियन बैंक में अप्रेंटिस के 1500 पद, ग्रेजुएट करें अप्लाइ

Sunrise Enclave

राजा राम मरांडी के साथ बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ताओं के भाजपा में शामिल होने से बरहेट की सियासत में हलचल तेज हो गई है। भाजपा नेताओं ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए इसे संगठन के विस्तार के लिहाज से अहम बताया।

बाबूलाल मरांडी की मौजूदगी में थामा भाजपा का दामन

झबरी में आयोजित मिलन समारोह के दौरान राजा राम मरांडी और उनके समर्थकों ने भाजपा की सदस्यता ली। कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी मौजूद रहे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि भाजपा का परिवार लगातार बढ़ रहा है। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता और कार्यकर्ता पार्टी की नीतियों और विचारधारा से प्रभावित होकर भाजपा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने नए सदस्यों से संगठन को मजबूत बनाने और जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

कई पूर्व विधायक और भाजपा नेता रहे मौजूद

इस मिलन समारोह में राजमहल के पूर्व विधायक अनंत ओझा, बोरियो के पूर्व विधायक लोबिन हेम्ब्रम और लिट्टीपाड़ा के पूर्व विधायक दिनेश विलियम मरांडी भी शामिल हुए। इसके अलावा भाजपा के जिला अध्यक्ष सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बरहेट की राजनीति में क्या होगा असर?

राजा राम मरांडी के भाजपा में शामिल होने को बरहेट विधानसभा क्षेत्र में पार्टी के संगठनात्मक विस्तार के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनके साथ सैकड़ों समर्थकों के जुड़ने से भाजपा को क्षेत्र में अपना जनाधार मजबूत होने की उम्मीद है।

हालांकि, इस बदलाव का बरहेट की स्थानीय राजनीति और आने वाले राजनीतिक समीकरणों पर कितना असर पड़ेगा, यह आने वाले समय में स्पष्ट होगा।

YouTube Join Now
Facebook Join Now
Social Samvad MagazineJoin Now
---Advertisement---