जमशेदपुर के प्रसन्नजीत पॉल का कमाल, वर्ल्ड मास्टर टेनिस चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में चयन

By Riya Kumari

Published :

Follow
जमशेदपुर के प्रसन्नजीत पॉल का कमाल, वर्ल्ड मास्टर टेनिस चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में चयन

Join WhatsApp

Join Now

सोशल संवाद / जमशेदपुर : शहर के टेनिस खिलाड़ी और अनुभवी कोच प्रसन्नजीत पॉल ने अपनी मेहनत और शानदार प्रदर्शन से जमशेदपुर का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उनका चयन जापान की राजधानी टोक्यो में आयोजित होने वाली वर्ल्ड मास्टर टेनिस चैंपियनशिप 2026 के लिए भारतीय टीम में हुआ है। वह 35+ आयु वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

यह भी पढे : टाटा स्टील कर्मचारियों का अपना घर का सपना 14 साल बाद भी अधूरा, करोड़ों खर्च के बावजूद नहीं शुरू हुआ निर्माण

15 से 28 नवंबर तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में दुनिया के कई देशों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। प्रसन्नजीत के चयन से जमशेदपुर के खेल प्रेमियों और टेनिस जगत में खुशी का माहौल है।

नौ साल की उम्र में शुरू किया था टेनिस का सफर

जमशेदपुर के कदमा निवासी प्रसन्नजीत पॉल ने महज नौ साल की उम्र में टेनिस खेलना शुरू किया था। उन्होंने शहर के प्रसिद्ध कोच बिपुल कुमार के मार्गदर्शन में शुरुआती प्रशिक्षण लिया। उनकी प्रतिभा को देखते हुए बेहतर ट्रेनिंग के लिए उन्हें पुणे जाने की सलाह दी गई। इसके बाद 12 साल की उम्र में वह पुणे चले गए, जहां उन्होंने कोच हेमंत बेंद्रे से करीब सात वर्षों तक टेनिस की बारीकियां सीखीं।

सड़क हादसे ने रोकी रफ्तार, लेकिन नहीं टूटा हौसला

प्रसन्नजीत के खेल करियर में एक समय गंभीर सड़क दुर्घटना के कारण बाधा आई। हालांकि, उन्होंने हार नहीं मानी और दोबारा टेनिस में वापसी की। कॉलेज के दौरान कोच अमोद वालकर ने उन्हें स्कॉलरशिप देकर मेंस सर्किट में वापसी का अवसर दिया।

इसके बाद उन्होंने इंटरनेशनल टेनिस फेडरेशन (ITF) और यूनाइटेड स्टेट्स प्रोफेशनल टेनिस रजिस्ट्री (USPTR) से कोचिंग प्रमाणपत्र हासिल किए।

पुणे में खोली टेनिस अकादमी, कई खिलाड़ियों को बनाया चैंपियन

खेल के प्रति अपने जुनून को आगे बढ़ाते हुए प्रसन्नजीत ने करीब पांच साल पहले पुणे में ‘पॉल्स प्रो टेनिस अकादमी’ की स्थापना की। बतौर कोच उन्होंने कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया है। इनमें सिद्धांत बंथिया, अथर्व शर्मा और जूनियर विंबलडन के क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने वाले अर्णव पापरकर जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। वह अंतरराष्ट्रीय दौरों पर भी खिलाड़ियों के मेंटर की भूमिका निभा चुके हैं।

चार डबल्स और दो सिंगल्स खिताब जीतकर बनाई जगह

कोचिंग की व्यस्तता के बावजूद प्रसन्नजीत ने अपने खेल और फिटनेस पर लगातार ध्यान दिया। हालिया घरेलू टेनिस सर्किट में उन्होंने चार डबल्स और दो सिंगल्स खिताब अपने नाम किए। उनके इसी शानदार प्रदर्शन और निरंतरता के आधार पर भारतीय टीम में उनका चयन हुआ है।

अब टोक्यो में होने वाली वर्ल्ड मास्टर टेनिस चैंपियनशिप में प्रसन्नजीत के सामने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका होगा। उनका यह चयन न केवल उनके व्यक्तिगत करियर की बड़ी उपलब्धि है, बल्कि जमशेदपुर के उभरते टेनिस खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा है।

YouTube Join Now
Facebook Join Now
Social Samvad MagazineJoin Now
---Advertisement---

संबंधित पोस्ट

Exit mobile version