सोशल संवाद/डेस्क : महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर दलमा क्षेत्र में आस्था और श्रद्धा की अद्भुत लहर देखने को मिली। चारों ओर हर-हर महादेव के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा। ऐतिहासिक बूढ़ा बाबा शिव थान में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही।
ये भी पढे : बिहार में सुरक्षा मजबूत करने की तैयारी: SAP में 17 हजार पदों पर भर्ती, रिटायर्ड जवानों को भी मौका
भोर होते ही श्रद्धालु जल, बेलपत्र और फूल लेकर अपने आराध्य भगवान शिव के दर्शन-पूजन के लिए पहुंचने लगे। थान परिसर में विशेष पूजा-अर्चना और अभिषेक का आयोजन किया गया। स्थानीय ग्रामीणों और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।

इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक संजीव सरदार ने दलमा पाठ शिव थान पहुंचकर भगवान शिव के समक्ष माथा टेका और क्षेत्र की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। उन्होंने श्रद्धालुओं को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं भी दीं।
कार्यक्रम में दलमा मुख्य वरिष्ठ राधेश्याम सिंह भूमिज, दलमा टाइगर सुकलाल पहाड़िया, अमर सिंह सरदार, लाया कार्तिक सिंह, श्याम लाल सिंह सरदार, सुशेन सिंह सरदार तथा रोबिन सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

थान समिति और स्थानीय प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए गए थे। सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ पेयजल और प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी की गई थी। महाशिवरात्रि के इस पावन अवसर पर दलमा क्षेत्र पूरी तरह भक्तिमय रंग में रंगा नजर आया और बूढ़ा बाबा शिव थान एक बार फिर आस्था का केंद्र बना रहा।










