सोशल संवाद / सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिला के चांडिल अनुमंडल अंतर्गत चौका थाना क्षेत्र के जायदा मंदिर के समीप स्वर्णरेखा नदी में स्नान करने के दौरान एक युवक के डूब जाने की घटना सामने आई है। यह घटना सोमवार शाम लगभग 6 बजे की बताई जा रही है। युवक की तलाश के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम लगातार खोज अभियान चला रही है।
यह भी पढ़े : रांची विश्वविद्यालय ने जारी किया संशोधित परीक्षा कार्यक्रम, स्नातक छात्रों को बड़ी राहत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रेम कुमार (23 वर्ष), पिता विक्रम कुमार, निवासी आदर्श कॉलोनी, सोनारी (जमशेदपुर), अपने मित्र आशुतोष कुमार के साथ जायदा मंदिर के पास स्वर्णरेखा नदी में स्नान करने गया था। इसी दौरान वह नदी के गहरे हिस्से में चला गया और पानी में डूब गया।
घटना की सूचना मिलते ही चौका थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से नदी एवं आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन शुरू की गई। प्रारंभिक स्तर पर गोताखोरों की सहायता से युवक की तलाश की गई, लेकिन देर शाम तक उसका कोई पता नहीं चल सका।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चौका थाना प्रभारी गौरव कुमार ने अनुमंडल पदाधिकारी, चांडिल को पत्र भेजकर राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की टीम की प्रतिनियुक्ति का अनुरोध किया। इसके बाद टीम को घटनास्थल पर तैनात किया गया और युवक की तलाश लगातार जारी है।
पुलिस के अनुसार युवक की खोज के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य बनी हुई है। वहीं युवक के परिजन एवं स्थानीय लोग राहत एवं बचाव अभियान की प्रगति पर निगाहें लगाए हुए हैं।









