सोशल संवाद / जमशेदपुर: MMDR Amendment Act 2026 के विरोध में आम आदमी पार्टी की पूर्वी सिंहभूम जिला कमेटी ने जमशेदपुर के साकची गोलचक्कर पर धरना-प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का नेतृत्व पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष अभिषेक कुमार ने किया, जबकि वरिष्ठ नेता रईस अफरीदी का संरक्षण रहा।
यह भी पढे : MMDR Amendment Act 2026 के विरोध में AAP का प्रदर्शन, साकची में उठाए जनहित के मुद्दे
प्रदर्शन के दौरान पार्टी के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने MMDR Amendment Act 2026 के प्रावधानों को लेकर अपनी आपत्तियां जाहिर कीं और खनिज संसाधनों से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखी।
पार्टी नेताओं ने उठाए राज्य और स्थानीय हितों से जुड़े मुद्दे
कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी के प्रदेश नेता शंभू सिंह गांधी, विनीता मिश्रा और शालिग्राम मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वक्ताओं ने कहा कि खनिज संपदा से जुड़े कानूनों में बदलाव का असर राज्यों, स्थानीय समुदायों, श्रमिकों और खनिज संसाधनों से जुड़े लोगों पर पड़ सकता है।
पार्टी नेताओं ने कहा कि ऐसे महत्वपूर्ण कानूनों में राज्यों के हित, स्थानीय लोगों के अधिकार, पारदर्शिता और जनहित को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
13 अगस्त को दोनों सदनों से पारित हुआ था बिल
भारत सरकार के अनुसार, Mines and Minerals (Development and Regulation) Amendment Bill, 2026 को लोकसभा और राज्यसभा ने 13 अगस्त 2026 को पारित किया था। सरकार के मुताबिक संशोधन का उद्देश्य प्रमुख खनिज क्षेत्र में दीर्घकालिक स्थिरता और खनिज क्षेत्र की राजकोषीय व्यवस्था में निश्चितता, स्थिरता और पूर्वानुमेयता लाना है।
सरकार ने यह भी कहा है कि संशोधन से राज्यों के भूमि और खनिजों से जुड़े अधिकार समाप्त नहीं होंगे और खनन से मिलने वाले राजस्व का बड़ा हिस्सा राज्यों को मिलता रहेगा।
लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रखने की बात
आम आदमी पार्टी, पूर्वी सिंहभूम जिला कमेटी ने कहा कि पार्टी जनहित से जुड़े मुद्दों को आगे भी मजबूती से उठाती रहेगी। पार्टी नेताओं ने कहा कि जनता के अधिकारों और राज्य के हितों से जुड़े विषयों पर लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाई जाती रहेगी।
कार्यक्रम में जिला कमेटी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में पार्टी समर्थक मौजूद रहे।











