सोशल संवाद / जमशेदपुर : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियों का जायजा लेने के उद्देश्य से पूर्वी सिंहभूम एवं सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को स्थल निरीक्षण किया. इस दौरान अधिकारियों ने एनआईटी परिसर, प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल तथा उससे जुड़े मार्गों का सघन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की.
यह भी पढे : संसद से SHANTI बिल पास, परमाणु क्षेत्र में निजी कंपनियों की होगी एंट्री
निरीक्षण के क्रम में सरायकेला-खरसावां जिला के उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश लूणायत विशेष रूप से मौजूद रहे. वहीं पूर्वी सिंहभूम जिला के उपायुक्त, वरीय पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक सहित दोनों जिलों के कई वरीय प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारी भी निरीक्षण दल में शामिल थे.
अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, कार्यक्रम स्थल की तैयारी एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. राष्ट्रपति के आगमन को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सभी तैयारियों को समय पर पूर्ण करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है.










