सोशल संवाद / बड़बिल (रिपोर्ट – संजय सिन्हा) : बोलानी सब पोस्ट ऑफिस में पिछले लगभग दो माह से आधार कार्ड से संबंधित कार्य बंद था। इस समस्या को सोशल संवाद ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके साथ ही बंद आधार केंद्र को लेकर मानवाधिकार परिषद के सदस्यों ने X (पूर्व में ट्विटर) हैंडल के माध्यम से संचार मंत्रालय, केंदुझर डाक अधीक्षक सहित डाक विभाग के उच्च अधिकारियों से शिकायत की थी।
यह भी पढ़े : दलमा में छोड़े जाएंगे 50 हिरण, तीन हफ्ते तक छोटकाबांध में बने सॉफ्ट रिलीज सेंटर में रहेंगे
शिकायत के बाद डाक विभाग के उच्च अधिकारियों ने दूरभाष के माध्यम से बोलानी सब पोस्ट ऑफिस में बंद आधार केंद्र को पुनः शुरू करने का भरोसा दिया। इसके बाद शुक्रवार से बोलानी सब पोस्ट ऑफिस में आधार कार्ड से संबंधित सभी कार्य दोबारा शुरू कर दिए गए हैं।
आधार केंद्र के पुनः शुरू होने से क्षेत्र के समाजसेवियों और आम नागरिकों में खुशी का माहौल है। उन्होंने इस पहल के लिए सोशल संवाद, संचार मंत्री, डाक विभाग के उच्च अधिकारियों तथा मानवाधिकार परिषद के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया है।










