सोशल संवाद/डेस्क : पंजाब इस समय भीषण बाढ़ की त्रासदी से जूझ रहा है। लगातार हुई भारी बारिश ने राज्य के 23 जिलों में तबाही मचा दी है। हजारों गांव जलमग्न हो चुके हैं और अब तक 43 लोगों की जान जा चुकी है। लाखों की आबादी प्रभावित हुई है और हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। ऐसे मुश्किल हालात में एक बार फिर बॉलीवुड के खिलाड़ी अक्षय कुमार मदद के लिए आगे आए हैं। उन्होंने बाढ़ पीड़ितों की राहत सामग्री और सहायता के लिए 5 करोड़ रुपये देने की घोषणा की है।
ये भी पढे : शाहरुख खान की फिल्म ‘किंग’ का लुक लीक, मैनेजर ने फैंस से की खास अपील
अक्षय कुमार ने कहा – “यह दान नहीं, मेरी सेवा है”
अक्षय कुमार ने इस योगदान को लेकर कहा कि इसे वह ‘दान’ नहीं मानते, बल्कि इसे अपनी सेवा समझते हैं। उन्होंने भावुक होकर कहा, “जब मुझे मदद करने का मौका मिलता है, तो मैं खुद को सौभाग्यशाली मानता हूं। यह मेरी ओर से एक छोटा-सा योगदान है। मैं रब से प्रार्थना करता हूं कि यह आपदा जल्द ही खत्म हो और पंजाब में खुशहाली लौट आए।”
अक्षय कुमार का यह बयान उनके मानवीय दृष्टिकोण को दर्शाता है। वह पहले भी कई बार आपदाओं और संकट की घड़ी में लोगों की मदद के लिए आगे आ चुके हैं। कोविड-19 महामारी के दौरान उन्होंने ऑक्सीजन और राहत सामग्री के लिए बड़े पैमाने पर सहायता दी थी। इसके अलावा चेन्नई बाढ़ और ‘भारत के वीर’ पहल के तहत भी उन्होंने सैनिकों और उनके परिवारों के लिए उल्लेखनीय योगदान किया था।
अन्य सितारे भी आए आगे
पंजाब की इस आपदा ने पूरे देश का दिल पसीज दिया है। अक्षय कुमार के अलावा कई अन्य फिल्मी सितारे और कलाकार भी मदद के लिए आगे आए हैं। लोकप्रिय पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ ने पीड़ित परिवारों को राहत पहुंचाने का संकल्प लिया है। सोनू सूद, जो पहले भी कोरोना महामारी के समय ‘रियल हीरो’ साबित हुए थे, उन्होंने भी प्रभावित इलाकों में सहायता भेजने की पहल की है।
इसके साथ ही अभिनेता रणदीप हुड्डा और गायक करण औजला ने आर्थिक मदद और राहत कार्यों में भागीदारी की है। शिल्पा शेट्टी के पति और निर्माता राज कुंद्रा ने भी अपनी आगामी फिल्म ‘मेहर’ के पहले दिन की कमाई को बाढ़ पीड़ितों को दान करने का ऐलान किया है।
हालात बेहद गंभीर
पंजाब सरकार के राजस्व, पुनर्वास और आपदा प्रबंधन मंत्री हरदीप सिंह मुंडियन ने बताया कि बाढ़ से राज्य के 1,902 गांव बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। लगभग 3.84 लाख लोग इस प्राकृतिक आपदा की चपेट में आए हैं। प्रशासन अब तक करीब 20,972 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर निकाल चुका है। राहत और बचाव कार्य तेज़ी से जारी है, लेकिन तबाही का स्तर बेहद भयावह है।
इंसानियत का पैगाम
पंजाब की यह बाढ़ केवल प्राकृतिक आपदा नहीं, बल्कि इंसानियत की परीक्षा भी है। मुश्किल समय में अक्षय कुमार जैसे सितारों का आगे आना समाज को यह संदेश देता है कि संवेदनशीलता और सेवा ही किसी इंसान की सबसे बड़ी पहचान होती है। उनकी इस मदद से न केवल प्रभावित लोगों को राहत मिलेगी, बल्कि बाकी लोगों को भी योगदान देने की प्रेरणा मिलेगी।
अक्षय कुमार का यह कदम एक बार फिर साबित करता है कि वे सिर्फ पर्दे के खिलाड़ी नहीं, बल्कि असली जीवन में भी दिल के सच्चे हीरो हैं।








