सोशल संवाद / डेस्क : हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान की उत्तर प्रदेश के शामली में गोली मारकर हत्या कर दी गई। बुधवार शाम वह जिम से बाहर निकल रहे थे, तभी दो बाइक पर आए अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। पुलिस के मुताबिक हमलावरों ने कई राउंड गोलियां चलाईं और अंकित की मौके पर ही मौत हो गई।

यह भी पढ़े : एमजीएम में 400 करोड़ से बढ़ेंगी सुविधाएं, लाइब्रेरी व हॉस्टल बनेंगे
रिपोर्टों के अनुसार, हमले में करीब 18 राउंड फायरिंग की गई। गोलीबारी इतनी अचानक और तेज थी कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
शामली पुलिस ने हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की हैं। घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस फिलहाल हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है और व्यक्तिगत दुश्मनी समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।
हत्या के बाद सड़क पर उतरे लोग
अंकित बालियान की हत्या के बाद परिवार और समर्थकों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क पर प्रदर्शन किया और रास्ता भी जाम किया। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भी घटना पर सवाल उठाते हुए उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर निशाना साधा और हत्या की गहराई से जांच की मांग की।
अंकित बालियान हरियाणवी म्यूजिक और सोशल मीडिया की दुनिया में जाना-पहचाना नाम थे। उनके YouTube चैनल पर 3.66 लाख से ज्यादा सब्सक्राइबर बताए जाते हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर इस सनसनीखेज हत्या के पीछे कौन था और हमलावरों का मकसद क्या था।









