सोशल संवाद/डेस्क : रांची से 13 दिन पहले दो जनवरी से लापता हुए भाई-बहन अंश और अंशिका को रामगढ़ जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र अंतर्गत चितरपुर स्थित अहमदनगर (पहाड़ी) इलाके से सकुशल बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने मौके से एक युवक और एक युवती को गिरफ्तार किया है, जो खुद को पति-पत्नी बताकर दोनों बच्चों के साथ किराए के मकान में रह रहे थे।

ये भी पढे : नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू को अमरप्रीत सिंह काले की हार्दिक शुभकामनाएँ
जानकारी के अनुसार बिहार के औरंगाबाद निवासी करीब 25 वर्षीय युवक और 19 वर्षीय युवती करीब 10 दिन पहले चितरपुर के अहमदनगर पहुंचे थे। दोनों ने खुद को पति-पत्नी बताते हुए रोशन आरा नामक महिला से एस्बेस्टस के मकान में एक कमरा किराए पर लिया था। मकान का किराया मात्र 1000 रुपये प्रतिमाह तय हुआ था। दंपती ने मकान मालकिन को बताया था कि दोनों बच्चे उनके ही हैं।
मकान मालकिन रोशन आरा ने पुलिस को बताया कि ठंड अधिक होने के कारण और आधार कार्ड देखने के बाद उन्होंने इंसानियत के नाते कम उम्र के दंपती को बच्चों के साथ रहने के लिए कमरा दे दिया था। उन्होंने यह भी बताया कि उनके तीन बेटे दिल्ली में काम करते हैं।
दोनों बच्चों के लापता होने की खबर इंटरनेट मीडिया में फैलने के बाद मंगलवार शाम से ही बजरंग दल के कार्यकर्ता सक्रिय हो गए थे। बजरंग दल की टीम में शामिल सचिन, डब्लू साहू, सुनील कुमार और अंशु ने आसपास के इलाकों में खोजबीन शुरू की।










