सोशल संवाद/ डेस्क: झारखंड के शिक्षा मंत्री के हेल्थ को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी चिंता जताई जा रही है। सरकार से लेकर विपक्ष तक के नेता उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं। राज्य के लोगों की दुआएं और शुभकामनाएं लगातार उनके साथ है।
यह भी पढ़ें: हजारीबाग में पहाड़ी का बड़ा हिस्सा धंसा, सैकड़ों टन मलबा गिरा
रामदास सोरेन इन दिनों दिल्ली स्थित अपोलो अस्पताल में उपचाराधीन हैं, जहां उनकी सेहत पर विशेषज्ञ चिकित्सक लगातार नजर रखे हुए हैं। सोमवार को सांसद बिद्युत बरण महतो और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा अस्पताल पहुंचे और मंत्री के स्वास्थ्य की जानकारी ली।
दोनों नेताओं ने अपोलो अस्पताल के चिकित्सकों से मुलाकात कर मंत्री के मौजूदा स्वास्थ्य की विस्तृत रिपोर्ट प्राप्त की। डॉक्टरों ने उन्हें बताया कि मंत्री की सेहत में सुधार लाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और उनका इलाज पूरी गंभीरता और देखरेख में चल रहा है। डॉक्टर फिलहाल उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ पर विशेष ध्यान दे रहे हैं।
इस दौरान शिक्षा मंत्री के पुत्र भी अस्पताल में मौजूद थे। बिद्युत महतो और अर्जुन मुंडा ने उनसे मुलाकात कर ढांढस बंधाया और भरोसा दिलाया कि सब कुछ जल्द ठीक हो जाएगा। उन्होंने मंत्री के शीघ्र स्वस्थ होने की शुभकामनाएं दीं।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, रामदास सोरेन का उपचार विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम की देखरेख में हो रहा है और उनकी तबीयत में क्रमिक सुधार के संकेत मिल रहे हैं। राज्यभर से कई राजनीतिक नेता और शुभचिंतक लगातार उनके स्वास्थ्य की जानकारी ले रहे हैं और अस्पताल से संपर्क बनाए हुए हैं।
सांसद बिद्युत बरण महतो ने कहा कि मंत्री रामदास सोरेन झारखंड की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनका स्वस्थ होना राज्य के लिए बेहद जरूरी है। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि इस समय पूरा झारखंड उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना कर रहा है।










