सोशल संवाद/डेस्क: अर्जुन तेंदुलकर IPL 2026 में नई टीम लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के साथ अपने करियर का नया सफर शुरू करने जा रहे हैं। पिछले कई सीजन तक मुंबई इंडियंस का हिस्सा रहने के बाद अब वह नई फ्रेंचाइजी में बेहतर अवसरों की तलाश में हैं। अभी तक उन्होंने LSG के लिए डेब्यू नहीं किया है, लेकिन उम्मीद जताई जा रही है कि इस टीम में उन्हें खुद को साबित करने के ज्यादा मौके मिल सकते हैं।
यह भी पढ़ें: IPL 2026: नुवान तुषारा ने NOC के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटाया, RCB में शामिल होने पर संकट
हाल ही में एक पॉडकास्ट बातचीत में अर्जुन ने मुंबई इंडियंस के साथ अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने संकेत दिया कि हर खिलाड़ी की तरह वह भी ज्यादा मौके चाहते थे और लंबे समय तक बेंच पर बैठना किसी को पसंद नहीं होता। साथ ही उन्होंने ‘इम्पैक्ट प्लेयर’ नियम पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि क्रिकेट में पारंपरिक 11 खिलाड़ियों के साथ ही खेलना बेहतर है।
लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम में अर्जुन को लोअर मिडिल ऑर्डर में मौका मिल सकता है, खासकर तब जब टीम का यह हिस्सा थोड़ा कमजोर माना जा रहा है। नंबर 6, 7 या 8 पर बल्लेबाजी करते हुए वह टीम के लिए उपयोगी साबित हो सकते हैं। अर्जुन का मानना है कि टी20 फॉर्मेट में कोई भी टीम किसी को भी हरा सकती है और उनकी टीम के पास अच्छा प्रदर्शन करने का पूरा मौका है।
आज आईपीएल 2026 के मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स का सामना दिल्ली कैपिटल्स से होगा। यह मैच लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां दोनों टीमें अपने अभियान की जीत के साथ शुरुआत करना चाहेंगी।









