सोशल संवाद / रांची : कोयला अधिकारियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। पे अपग्रेडेशन (महारत्न स्केल) से संबंधित एरियर की पहली किस्त 10 अक्तूबर तक भुगतान कर दी जाएगी। इससे संबंधित आदेश कोल इंडिया की ओर से रविवार को जारी किया गया। कोल इंडिया के महाप्रबंधक पॉलिसी सेल, राजेश नायर की ओर से आदेश जारी किया गया है।
यह भी पढ़े : Jharkhand Leprosy Cases: बच्चों में कुष्ठ के 416 नए मामले, 5 ग्रेड-2 दिव्यांगता तक पहुंचे
आदेश के अनुसार कोल इंडिया कि किसी अनुषंगी कंपनी को फंड की समस्या के कारण 10 अक्तूबर तक भुगतान में परेशानी है तो 30 अक्तूबर तक हर हाल में भुगतान कर दें।
मालूम हो कि पे अपग्रेडेशनकोलेकर डिपार्टमेंट ऑफ पब्लिक इंटरप्राइजेज की ओर से सवाल उठाए जाने के बाद मामला फंस गया था। इसके बाद कई स्तरों पर कोल इंडिया, कोयला मंत्रालय एवं डिपार्टमेंट ऑफ पब्लिक इंटरप्राइजेज की ओर से बातचीत हुई और मामले को सलटाया गया। 23 अगस्त 2023 से दिसंबर 2025 तक एरियर मिलना है। न्यूनतम छह लाख से अधिकतम 14 लाख तक कोयला अफसरों को एरियर भुगतान किया जाना है। बढ़े हुए वेतन का भुगतान जनवरी 2026 से किया जा रहा है।
मध्य प्रदेश हाईकोर्ट (जबलपुर खंडपीठ) के आदेश और अदालत में कोल इंडिया प्रबंधन द्वारा दिए गए रोडमैप के अनुसार एरियर का भुगतान तीन चरणों में पूरा किया जाना है। वेतन विसंगति और बकाया एरियर (करीब ₹3500 करोड़) से जुड़े मामले में कोर्ट ने पहली किस्त का भुगतान जल्द से जल्द करने को कहा था। प्रबंधन ने अक्तूबर तक 40% राशि देने का रास्ता साफ किया है।











