सोशल संवाद / डेस्क : पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के रामपुरहाट में रविवार सुबह पूर्व विधानसभा डिप्टी स्पीकर और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के वरिष्ठ नेता आशीष बनर्जी की मौत से सनसनी फैल गई। उनका शव उनके घर के पास स्थित पार्टी कार्यालय में मिला। पुलिस के अनुसार, मौके से एक कथित सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है।

यह भी पढे : Arunachal Pradesh Flood: अरुणाचल में लैंडस्लाइड और फ्लैश फ्लड से तबाही, 4 की मौत, 5 जवान लापता
TMC कार्यालय में मिला शव
पुलिस के मुताबिक, 74 वर्षीय आशीष बनर्जी का शव रामपुरहाट के हट्टाला पाड़ा स्थित टीएमसी कार्यालय में मिला। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल से मिले कथित नोट की भी जांच की जा रही है।
पांच बार रहे रामपुरहाट से विधायक
आशीष बनर्जी लंबे समय तक रामपुरहाट विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते रहे। वह इस सीट से पांच बार विधायक चुने गए और पश्चिम बंगाल विधानसभा के डिप्टी स्पीकर के पद पर भी रहे। उन्होंने राज्य सरकार में मंत्री के तौर पर भी जिम्मेदारी संभाली थी।
हालांकि, 2026 के विधानसभा चुनाव में उन्हें रामपुरहाट सीट पर भाजपा के ध्रुबा साहा से हार का सामना करना पड़ा था।
पुलिस को मिला कथित सुसाइड नोट
पुलिस ने बताया कि पार्टी कार्यालय से एक कथित सुसाइड नोट मिला है। शुरुआती जांच में पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है, लेकिन नोट और अन्य परिस्थितियों की जांच जारी है। मौत की परिस्थितियों को लेकर अंतिम निष्कर्ष जांच और पोस्टमार्टम के बाद ही स्पष्ट होगा।
राजनीतिक गलियारे में शोक
आशीष बनर्जी की मौत की खबर सामने आने के बाद पश्चिम बंगाल के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है। वह टीएमसी के पुराने और अनुभवी नेताओं में शामिल थे और पार्टी नेतृत्व के करीबी माने जाते थे।









