सोशल संवाद / जमशेदपुर: सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम चापड़बाजी की एक गंभीर घटना सामने आई है। इस हमले में दो सगे भाई, 20 वर्षीय अमर सिंह उर्फ कालू और सरबजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।

यह भी पढे : हरिनाम संकीर्तन से भक्तिमय हुआ विद्यापति नगर लोहरा बस्ती, श्रद्धालुओं ने लिया आध्यात्मिक आनंद

नानी घर जाने के दौरान हुआ हमला
घायल अमर सिंह के अनुसार, वह शुक्रवार शाम करीब 5 बजे अपने भाई के साथ बिरसानगर जोन नंबर-7 स्थित नानी घर जा रहा था। इसी दौरान कालूबागान 6 नंबर के पास 10 से 15 युवकों ने उन्हें रोक लिया।
अमर का आरोप है कि युवकों के समूह में दीपू सिंह, आदि सिंह, रिंकू सिंह और ठाकुर सिंह भी शामिल थे। युवकों ने उनसे नानी घर आने को लेकर सवाल किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
कहासुनी के बाद हिंसक झड़प
बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर मामला हिंसक हो गया। आरोप है कि इसी दौरान आदि सिंह और दीपू सिंह ने चापड़ निकालकर दोनों भाइयों पर हमला कर दिया। हमले में अमर सिंह और सरबजीत सिंह के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद वे लहूलुहान होकर गिर पड़े।
थाने से अस्पताल पहुंचाए गए घायल
घायल पक्ष का कहना है कि घटना के बाद वे पहले गोलमुरी थाना और फिर सिदगोड़ा थाना पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने उन्हें इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
पुराने विवाद की भी चर्चा
घायल पक्ष ने आरोप लगाया है कि आदि सिंह पहले भी इस तरह की घटनाओं में शामिल रहा है, लेकिन उसके खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
वहीं स्थानीय सूत्रों का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद और रंजिश चली आ रही थी, जिसके कारण यह घटना हुई। हालांकि इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस जांच के बाद सामने आएगी सच्चाई
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना के पीछे की वास्तविक वजह और आरोपों की सत्यता जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।









