सोशल संवाद / रांची : झारखंड की राजनीति में एक बार फिर पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर सवाल उठाए हैं। भाजपा नेता और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने अपनी सुरक्षा के लिए राज्य सरकार की ओर से उपलब्ध कराई गई 13 साल पुरानी बुलेटप्रूफ गाड़ी वापस लौटा दी है। इस संबंध में उन्होंने 9 नवंबर 2026 को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर गाड़ी को विधिवत वापस लेने और इसकी रसीद देने का अनुरोध किया है।
यह भी पढे : दिल्ली के गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल में बनेगा मेडिकल कॉलेज, MBBS की 150 और PG की 40 सीटें होंगी
बार-बार रास्ते में खराब हो रही थी बुलेटप्रूफ गाड़ी
बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में कहा है कि उन्हें सुरक्षा के लिए उपलब्ध कराई गई बुलेटप्रूफ गाड़ी बार-बार रास्ते में बंद हो जाती है। उन्होंने बताया कि इस समस्या को लेकर 21 मार्च 2026 को भी मुख्यमंत्री को पत्र लिखा गया था, लेकिन अब तक स्थिति में सुधार नहीं हुआ।
मरांडी के अनुसार, सुरक्षा में इस्तेमाल की जा रही गाड़ी करीब 13 साल पुरानी है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब दिसंबर 2024 में राज्य सरकार ने 17 नए बुलेटप्रूफ वाहन खरीदे थे, तो पूर्व मुख्यमंत्रियों को सुरक्षित वाहन क्यों उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं?
अर्जुन मुंडा की सुरक्षा का भी उठाया मामला
बाबूलाल मरांडी ने अपने पत्र में पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की सुरक्षा में इस्तेमाल होने वाले वाहनों की स्थिति का भी जिक्र किया है। उन्होंने बताया कि अर्जुन मुंडा के कार्यालय की ओर से जुलाई 2024 से जून 2026 के बीच छह पत्र भेजे गए थे।
मरांडी के मुताबिक, 14 मार्च 2026 को गृह विभाग ने आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया था, इसके बावजूद समस्या बनी रही। उन्होंने 6 नवंबर की रात चौका के पास अर्जुन मुंडा के काफिले के एक वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने का भी उल्लेख किया।
सात दिनों में कार्रवाई का लिखित ब्योरा मांगा
बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि सभी पूर्व मुख्यमंत्रियों के सुरक्षा वाहनों की समान मानदंडों के आधार पर समीक्षा की जाए। साथ ही गृह विभाग की संबंधित फाइल मंगाकर जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए।
उन्होंने अपने पिछले पत्र और कार्यालय की शिकायतों पर हुई कार्रवाई का लिखित विवरण सात दिनों के भीतर उपलब्ध कराने की मांग भी की है।











