सोशल संवाद / जमशेदपुर: प्रधानमंत्री आवास योजना (घटक-3) के तहत बिरसानगर स्थित किफायती आवास योजना के ब्लॉक-8 और ब्लॉक-23 में निर्मित आवासों के गृह प्रवेश कार्यक्रम की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। विभागीय निर्देशानुसार 19 जून 2026 को 644 नवनिर्मित आवासों के लिए गृह प्रवेश समारोह आयोजित किया जाएगा।
यह भी पढे : झारखंड कैबिनेट का बड़ा फैसला: जंगली जानवरों के हमले में मौत पर मिलेगा 10 लाख रुपये मुआवजा
कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) के उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार ने बिरसानगर निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जुडको के अधिकारियों, ब्लॉक-8 एवं ब्लॉक-23 के संवेदकों, नाली निर्माण एजेंसी, सिटी मैनेजर, CLTC विशेषज्ञों तथा इंजीनियरिंग विंग के अभियंताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उप नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को 19 जून को आयोजित होने वाले गृह प्रवेश कार्यक्रम को सफल और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया। साथ ही आवास परिसर में मूलभूत सुविधाओं एवं अन्य आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा गया।
गौरतलब है कि बिरसानगर के ब्लॉक-8 और ब्लॉक-23 में कुल 644 आवासों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। इनमें से 322 लाभुकों ने निर्धारित राशि का पूर्ण भुगतान कर दिया है। ऐसे लाभुकों को 19 जून को आयोजित समारोह में उनके नए घर की चाबी और आवंटन पत्र सौंपे जाएंगे।
लंबे समय से अपने आशियाने का इंतजार कर रहे सैकड़ों लाभुकों के लिए यह दिन बेहद खास होने वाला है। गृह प्रवेश कार्यक्रम के साथ ही कई परिवारों का पक्के घर का सपना साकार होने जा रहा है।









