सोशल संवाद / नई दिल्ली : देशभक्ति की भावना और राष्ट्रीय एकता की मिसाल पेश करते हुए दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा के नेतृत्व में आज दिल्ली भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा द्वारा जामा मस्जिद क्षेत्र में मुस्लिम समाज के सैकड़ों नागरिकों के साथ पूरे जोश और उत्साह के साथ भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई।
इस तिरंगा यात्रा की शुरुआत जामा मस्जिद स्थित मीना बाजार से हुई, जिसमें भारी संख्या में मुस्लिम महिलाएं, बच्चे, युवा, बुजुर्ग शामिल हुए। सभी के हाथों में लहराता तिरंगा और आँखों में देशप्रेम की चमक देखते ही बन रही थी। इस दौरान आज जामा मस्जिद के अनेकों रास्ते भारत माता की जय’ वंदे मातरम्’ और ‘हिन्दुस्तान ज़िन्दाबाद’ के नारों से गूंज उठे और इस प्रकार तिरंगे की शान में लोगों ने माहौल को देशप्रेम के रंग में रंग दिया। इस मौके पर दिल्ली भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष अनिश अब्बासी, अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष आतिफ रशीद, मोर्चा प्रभारी कारी मोहमद हारून सहित इरफान सलमानी, शबाना रहमान, इम्तियाज भी उपस्थित रहे।
तिरंगा यात्रा को संबोधित करते हुए दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि आज जामा मस्जिद से लाल किले तक हमारे अल्पसंख्यक मोर्चा द्वारा निकाली इस तिरंगा यात्रा से हमने एक संदेश देने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि धर्मस्थल जामा मस्जिद से प्रारम्भ होकर लोकतंत्र के प्रतिक लाल किला तक निकाली इस यात्रा से हमने संदेश दिया है कि किसी भी धर्म से ऊपर भारत राष्ट्र है और हमेशा रहेगा। जिस प्रकार से हमारे मुसलमान भाई बहनों ने हाथों में तिरंगा लेकर देश के प्रति अपना स्नेह दिखाया वह एक मिशाल बना है।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि दिल्ली में तिरंगा यात्रा पिछले चार दिनों से चल रही है और आज इसका आखिरी दिन है। आज दिल्ली के सभी 256 मंडलों में से बचे हुए कुल 52 मंडलों में तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है जिसमें प्रदेश पदाधिकारी एवं जिला अध्यक्षों के अलावा मंडल स्तर के कार्यकर्ता शामिल होकर देश के प्रति अपना प्यार और सम्मान जाहिर किए। कार्यक्रम के आयोजक अनीश अब्बासी ने कहा कि हमारा तिरंगा हमारी पहचान है, हमारी एकता और हमारे भारत की आन-बान-शान है। उन्होंने कहा कि आज जामा मस्जिद इलाके में हुई इस तिरंगा यात्रा से मुस्लिम समाज ने यह साबित कर दिया है कि उनके लिए देश प्रेम सर्वप्रथम है, देशप्रेम किसी एक धर्म की नहीं बल्कि हर हिंदुस्तानी के दिल की आवाज है, देश के प्रति समर्पण, एकता और भाईचारे की जीवंत मिसाल बनकर आज देशवासियों के सामने हैं।
अब्बासी ने कहा कि आज अल्पसंख्यक समाज के लोगों को धर्म, जाति वा भाषा से ऊपर उठकर एकजुटता संग देश की अखंडता, भाईचारे और शांति को बनाए रखने का उद्देश्य रखना चाहिए। इस अवसर पर आतिफ राशिद ने कहा कि आज जामा मस्जिद इलाके के लिए ऐतिहासिक दिन है जब इतनी भारी संख्या में मुस्लिम समाज की महिलाएं, बुजुर्ग वा बच्चे तिरंगा हाथों में लिए अपना देश प्रेम जाहिर कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार में ही संभव हो सका है जो वास्तव में सबका साथ सबका विकास के लिए काम करती है। वहीं इस मौके पर कारी मोहम्मद हारून ने कहा कि देश की आजादी में सभी कौमों के लोगों का योगदान था और इसी लिए आज भी हम सब देशवासी उन सभी उन शहीदों के बलिदान को मिलकर याद करते हैं।








