सोशल संवाद/डेस्क: रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित रेल भवन से ऑनलाइन माध्यम से महाराष्ट्र के पालघर जिले में बुलेट ट्रेन परियोजना की एक अहम उपलब्धि का साक्षी बने। इस दौरान पालघर में 1.5 किलोमीटर लंबी पहाड़ी सुरंग की खुदाई का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया। रेल मंत्रालय ने इसे परियोजना के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताया है।

यह भी पढ़ें: धालभूम के नए SDO बने अर्नव मिश्रा, उपायुक्त से की शिष्टाचार मुलाकात
मंत्रालय के अनुसार यह सुरंग पालघर जिले की सबसे लंबी पहाड़ी सुरंगों में से एक है, जो विरार और बोईसर बुलेट ट्रेन स्टेशनों के बीच स्थित है। महाराष्ट्र में यह दूसरी सुरंग है जिसकी खुदाई पूरी हुई है। इससे पहले ठाणे और बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स के बीच पांच किलोमीटर लंबी भूमिगत सुरंग का कार्य सितंबर 2025 में पूरा किया गया था।
मुंबई-अहमदाबाद के बीच प्रस्तावित 508 किलोमीटर लंबी बुलेट ट्रेन परियोजना गुजरात, महाराष्ट्र और दादरा एवं नगर हवेली से होकर गुजरेगी। इस हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर पर ट्रेनें 320 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी और मुंबई से अहमदाबाद का सफर महज दो घंटे 17 मिनट में पूरा करेंगी। यह परियोजना जापान सरकार की तकनीकी और वित्तीय सहायता से विकसित की जा रही है।
रेल मंत्रालय ने बताया कि बुलेट ट्रेन परियोजना में कुल सात पहाड़ी सुरंगें और एक समुद्र के नीचे बनने वाली सुरंग शामिल है। इस कॉरिडोर में कुल 12 स्टेशन होंगे, जिनमें मुंबई, ठाणे, विरार, बोईसर, वापी, बिलीमोरा, सूरत, भरूच, वडोदरा, आणंद, अहमदाबाद और साबरमती शामिल हैं। मुंबई का टर्मिनल स्टेशन बीकेसी में होगा, जबकि परियोजना के लिए तीन डिपो भी तैयार किए जा रहे हैं।










