सोशल संवाद / जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और युवाओं को वैध ड्राइविंग लाइसेंस के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिले के सभी प्रखंडों एवं चयनित पंचायतों में विशेष ड्राइविंग लाइसेंस कैंप आयोजित करने का निर्णय लिया है।
यह भी पढे : नए हाईवे पर 60 किमी से पहले टोल प्लाजा नहीं होंगे
मुख्यमंत्री के निर्देश तथा परिवहन विभाग के आदेश के आलोक में यह विशेष अभियान शुरू होने जा रहा है। डीटीओ दिलीप कुमार के द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार जुलाई से सितंबर 2026 तक जिले के विभिन्न प्रखंड मुख्यालयों एवं पंचायत भवनों में विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इन शिविरों में स्थानीय नागरिकों, विशेषकर युवाओं को ड्राइविंग लाइसेंस बनाने की प्रक्रिया पूरी कराने के साथ-साथ यातायात नियमों की जानकारी भी दी जाएगी।
अभियान का उद्देश्य बिना लाइसेंस वाहन चलाने वाले लोगों को वैध ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए प्रेरित करना है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और लोग सुरक्षित रूप से वाहन चला सकें। जिला प्रशासन ने सभी बीडीओ को शिविर के सफल संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। कैंप स्थलों पर इंटरनेट एवं बिजली युक्त कक्ष, टेबुल और कुर्सियों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। डीटीओ ने सभी प्रखंडों एवं पंचायतों में व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिये हैं, ताकि लोग सुविधा का लाभ उठा सकें।
ये दस्तावेज होंगे आवश्यक : कैंप में शामिल होने वाले आवेदकों को आधार कार्ड, वोटर आईडी कार्ड, बैंक पासबुक, पैन कार्ड, स्कूल प्रमाण पत्र अथवा जन्म एवं पता संबंधी अन्य वैध दस्तावेजों की मूल प्रति साथ लानी होगी। जिन आवेदकों ने पहले से ऑनलाइन आवेदन किया है, वे आवेदन की प्रति लेकर शामिल हो सकते हैं।
प्रखंडवार शिविर की तिथियां
कार्यालय का नाम तिथि
पटमदा प्रखंड कार्यालय 2 जुलाई
बोड़ाम प्रखंड कार्यालय 7 जुलाई
बहरागोड़ा प्रखंड कार्यालय 9 जुलाई
चाकुलिया प्रखंड कार्यालय 14 जुलाई
धालभूमगढ़ क्षेत्र 21 जुलाई
घाटशिला प्रखंड कार्यालय 23 जुलाई
डुमरिया प्रखंड कार्यालय 28 जुलाई
मुसाबनी प्रखंड कार्यालय 30 जुलाई
पोटका प्रखंड कार्यालय 04 अगस्त
गुड़ाबांदा प्रखंड कार्यालय 06 अगस्त
धालभूमगढ़ प्रखंड कार्यालय 5 अगस्त
पंचायतवार विशेष कैंप की तिथियां
पंचायत का नाम तिथि
बिड़ा पंचायत भवन (पटमदा) 11 अगस्त
भुला पंचायत भवन (बोड़ाम) 13 अगस्त
खंडामौदा पंचायत भवन (बहरागोड़ा) 18 अगस्त
जमुआ पंचायत भवन (चाकुलिया) 20 अगस्त
बडाजुड़ी पंचायत भवन (घाटशिला) 27 अगस्त
बांकिशोल पंचायत भवन (डुमरिया) 01 सितंबर
बड़िया पंचायत भवन (मुसाबनी) 03 सितंबर
कालिकापुर पंचायत भवन (पोटका) 08 सितंबर










