सोशल संवाद / डेस्क : वेनेजुएला की राजधानी काराकस शनिवार देर रात भीषण धमाकों से दहल उठी। स्थानीय मीडिया और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शहर के कई रणनीतिक और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर संदिग्ध हवाई हमले किए गए। वेनेजुएला सरकार ने इन हमलों के पीछे अमेरिका का हाथ होने का आरोप लगाया है, जबकि वॉशिंगटन की ओर से अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
यह भी पढ़े : बिहार में बुजुर्गों को बड़ी राहत, अब घर बैठे मिलेगी जांच और इलाज की सुविधा
आधी रात के बाद गूंजे धमाके, बिजली गुल

पहला धमाका स्थानीय समयानुसार रात करीब 1:50 बजे हुआ। CNN की रिपोर्ट के अनुसार, धमाके इतने तेज थे कि कई इलाकों में घरों की खिड़कियां तक कांप उठीं। इसके बाद राजधानी के बड़े हिस्सों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई और सड़कों पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
कम से कम सात धमाके, फाइटर जेट्स देखे गए
एसोसिएटेड प्रेस (AP) के मुताबिक, काराकस में कम से कम सात जोरदार धमाके सुने गए। चश्मदीदों का कहना है कि धमाकों से पहले और बाद में फाइटर जेट्स को उड़ान भरते हुए देखा गया। दहशत के माहौल में कई इलाकों के लोग घरों से निकलकर सड़कों पर आ गए।
सैन्य ठिकानों के ऊपर दिखे विमान
रिपोर्ट्स के अनुसार, काराकस के पश्चिमी हिस्से में स्थित वेनेजुएला के प्रमुख सैन्य ठिकाने फोर्ट टिउना और ला कार्लोटा एयरबेस के ऊपर विमानों की आवाज़ और धमाके दर्ज किए गए। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में रात के आसमान में धुएं के बड़े गुबार और नारंगी रंग की तेज चमक के बाद विस्फोट होते दिखाई दे रहे हैं।
कोलंबिया के राष्ट्रपति का बयान

कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “इस समय काराकस पर बमबारी की जा रही है। दुनिया को सतर्क हो जाना चाहिए। वेनेजुएला पर हमला हुआ है। OAS और संयुक्त राष्ट्र को तुरंत आपात बैठक बुलानी चाहिए।”
पहले भी चेतावनी दे चुके हैं ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पहले ही कई बार चेतावनी दे चुके हैं कि अमेरिका, वेनेजुएला में कथित ड्रग तस्करी नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। अक्टूबर में ट्रंप ने दावा किया था कि उन्होंने CIA को वेनेजुएला के भीतर ऑपरेशन चलाने की अनुमति दी है।
विश्लेषकों का मानना है कि यह कार्रवाई राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को सत्ता से हटाने की रणनीति का हिस्सा हो सकती है। हाल के महीनों में अमेरिका ने वेनेजुएला पर आर्थिक पाबंदियां कड़ी, सैन्य मौजूदगी बढ़ाई और कैरिबियन व प्रशांत क्षेत्र में कई जहाजों को निशाना बनाया है।
अंतरराष्ट्रीय चिंता बढ़ी
काराकस में हुए इन धमाकों के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता गहरा गई है। अगर आरोप सही साबित होते हैं, तो यह घटना लैटिन अमेरिका में बड़े सैन्य टकराव का संकेत हो सकती है।










