सोशल संवाद / जमशेदपुर: सोनारी के कागलनगर स्थित गोल्डन टाउन में साटिन पिंक सैलून की आड़ में 12 से अधिक लोगों से करीब 2 करोड़ 51 लाख 80 हजार रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर सोनारी पुलिस ने सैलून संचालक पूनम अरोड़ा, उनके पति सन्नी अरोड़ा और बेटे सक्षम अरोड़ा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने मामले की जांच की जिम्मेदारी उप-निरीक्षक परेश रजवार को सौंपी है।
बिष्टुपुर के ओल्ड सर्किट हाउस एरिया निवासी शुभंकर चटर्जी की लिखित शिकायत पर सोमवार को सोनारी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई।
फ्रेंडली लोन और बिजनेस पार्टनरशिप के नाम पर रकम लेने का आरोप
शिकायत के अनुसार दिसंबर 2024 से मई 2026 के बीच आरोपियों ने फ्रेंडली लोन और बिजनेस पार्टनरशिप के नाम पर कई लोगों से रकम ली। आरोप है कि साटिन पिंक सैलून में निवेश कराने और रकम व्यापार में लगाने का भरोसा दिया गया। लोगों को रकम सुरक्षित रहने और निर्धारित समय पर वापस करने का आश्वासन दिया गया। इसी भरोसे पर अलग-अलग लोगों ने लाखों रुपये दिए।
आरोप है कि तय समय बीतने के बाद रकम वापस मांगने पर टालमटोल शुरू कर दी गई। दबाव बढ़ने पर भुगतान से इनकार किया गया। शिकायत में धमकी देने और आरोपियों के अंडरवर्ल्ड से संबंध होने की बात कहकर डराने का भी आरोप लगाया गया है।
इन लोगों से रकम लेने का आरोप
हरजिंदर सिंह उर्फ प्रिंस 16.20 लाख, मनीष राखेजा 21.40 लाख, अंकित सेठी 17 लाख, नवीन अग्रवाल 36.50 लाख, मोनक कुमार तेवरीवाल 36.50 लाख, राजेंद्र खेमका 25 लाख, शुभंकर चटर्जी 17.20 लाख, पारस अग्रवाल 25 लाख, रमेश कुमार यादव 10.50 लाख, राहुल कुमार प्रसाद 14 लाख, राकेश कुमार सिंह 6 लाख, विकास कुमार 14 लाख और सतेन्द्र पाल सिंह 12.50 लाख रुपये शामिल हैं।
पुलिस को व्हाट्सएप चैट, भुगतान रसीद, बैंक ट्रांसफर रिकॉर्ड और ऑडियो रिकॉर्डिंग उपलब्ध कराए जाने की बात कही गई है। पुलिस आरोपियों के बैंक खातों, यूपीआई आईडी और तीसरे पक्ष के खातों में हुए लेनदेन की जांच करेगी। साथ ही मोबाइल फोन और कथित ठगी की रकम से अर्जित संपत्ति की भी पड़ताल की जाएगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मामले में तीनों आरोपियों के अलावा किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं।











