सोशल संवाद / रांची/जमशेदपुर : पत्नी के चरित्र और पवित्रता पर बेबुनियाद आरोप लगाना तथा उसे सार्वजनिक रूप से अपमानित करना पति को भारी पड़ गया। झारखंड हाईकोर्ट ने इसे मानसिक क्रूरता मानते हुए 24 साल पुराने विवाह को समाप्त करने का आदेश दिया है। चीफ जस्टिस एमएस सोनक और जस्टिस मनोज प्रसाद की अदालत ने स्पष्ट कहा कि किसी महिला के चरित्र पर सवाल उठाकर उसकी गरिमा को ठेस पहुंचाना सामान्य वैवाहिक विवाद नहीं, बल्कि मानसिक क्रूरता है।
पत्नी ने पति प्रसून कुमार मिश्रा के खिलाफ वर्ष 2008 में जमशेदपुर फैमिली कोर्ट में तलाक की याचिका दायर की थी। फैमिली कोर्ट ने 25 जुलाई 2011 को उनकी याचिका खारिज कर दी थी। इसके खिलाफ पत्नी ने हाईकोर्ट में अपील की थी। हाईकोर्ट ने फैमिली कोर्ट के फैसले को रद्द करते हुए मानसिक क्रूरता के आधार पर तलाक की मंजूरी दे दी।
चार लाख दहेज मांगने का आरोप
दोनों की शादी 10 मार्च 2002 को हुई थी। दिसंबर 2002 में उनके बेटे का जन्म हुआ। पत्नी का आरोप था कि बेटे के जन्म के बाद पति और ससुराल वालों ने व्यवसाय शुरू करने के लिए चार लाख रुपये की मांग की। मांग पूरी नहीं होने पर 17 मई 2003 को उसे घर से निकाल दिया गया। पत्नी ने पति पर गाली-गलौज करने और शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताडित करने का भी आरोप लगाया था। वहीं, पति ने इन आरोपों से इनकार किया था। उसने उलटे पत्नी और उसके परिवार पर दस लाख रुपये मांगने तथा अपने परिवार को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था।
सार्वजनिक रूप से अपमानित करना भी क्रूरता
अदालत ने यह भी पाया कि पत्नी और उसके गवाहों ने सार्वजनिक रूप से गाली-गलौज और अपमानित किए जाने की बात कही थी। दो स्वतंत्र गवाहों ने भी इसकी पुष्टि की। खंडपीठ ने कहा कि पत्नी की गरिमा को इस तरह ठेस पहुंचाना स्वीकार नहीं किया जा सकता। दहेज के लिए चार लाख रुपये मांगने के आरोप को भी अदालत ने प्रथमदृष्टया स्थापित माना। अदालत ने स्पष्ट किया कि मांग की सटीक तारीख याद नहीं होना अपने-आप में आरोप को खारिज करने का आधार नहीं हो सकता। वैवाहिक मामलों में साक्ष्यों का आकलन संभावनाओं की प्रबलता के आधार पर किया जाता है, न कि आपराधिक मुकदमों की तरह संदेह से परे प्रमाण के आधार पर। कोर्ट ने पत्नी के चरित्र पर लगाए गए आरोप, सार्वजनिक अपमान और अन्य साक्ष्यों को मानसिक क्रूरता मानने के लिए पर्याप्त पाया।
दूसरे पुरुष से संबंध का लगाते रहे आरोप
सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने पाया कि पति ने अपने लिखित जवाब में पत्नी के किसी अन्य पुरुष के साथ आने-जाने और उसके चरित्र को लेकर गंभीर आरोप लगाए थे। यहां तक कि पत्नी के सहकर्मी पर भी यह कहकर सवाल उठाया गया कि वह अविवाहित होने के कारण पत्नी का पक्ष ले रहा है। खंडपीठ ने माना कि इस तरह के आरोप महिला के चरित्र और पवित्रता पर सीधा आक्षेप है। इससे उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा और आत्मसम्मान को ठेस पहुंचती है।











