सोशल संवाद/डेस्क: एमबीए में दाखिले की तैयारी कर रहे लाखों छात्रों के लिए बड़ी खबर सामने आ रही है। भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) कोझिकोड जल्द ही कॉमन एडमिशन टेस्ट यानी CAT 2025 का रिजल्ट जारी कर सकता है। परीक्षा में शामिल हुए उम्मीदवार अपने नतीजे आधिकारिक वेबसाइट iimcat.ac.in पर जाकर देख सकेंगे। इससे पहले CAT 2025 की प्रोविजनल आंसर-की 17 दिसंबर 2025 को जारी की जा चुकी है, जिसके बाद अब स्टूडेंट्स को फाइनल रिजल्ट का बेसब्री से इंतजार है।
यह भी पढ़ें: CLAT 2026 काउंसलिंग शुरू, जानें रजिस्ट्रेशन डेट, फीस, डॉक्यूमेंट्स और पूरा शेड्यूल
CAT 2025 परीक्षा का आयोजन 30 नवंबर 2025 को देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर किया गया था। इस राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा के जरिए IIMs सहित देश के कई प्रतिष्ठित MBA कॉलेजों में एडमिशन दिया जाता है। हर साल लाखों उम्मीदवार CAT में शामिल होते हैं और रिजल्ट के आधार पर आगे की चयन प्रक्रिया तय होती है। हालांकि IIM कोझिकोड की ओर से अभी तक रिजल्ट की आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की गई है, लेकिन माना जा रहा है कि परिणाम जल्द ही जारी कर दिया जाएगा।
अगर पिछले साल की बात करें तो CAT 2024 का रिजल्ट 19 दिसंबर को घोषित किया गया था। इसी पैटर्न को देखते हुए उम्मीद जताई जा रही है कि CAT 2025 का रिजल्ट भी दिसंबर के तीसरे या चौथे सप्ताह में जारी किया जा सकता है। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे किसी भी अपडेट के लिए नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।
रिजल्ट जारी होने के बाद उम्मीदवार iimcat.ac.in पर जाकर लॉगिन कर अपना स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। इसके लिए रजिस्ट्रेशन के समय मिला यूजर आईडी और पासवर्ड दर्ज करना होगा। स्कोरकार्ड में ओवरऑल स्कोर के साथ सेक्शन-वाइज मार्क्स और परसेंटाइल दी जाएगी। आगे की एडमिशन प्रक्रिया, जैसे शॉर्टलिस्टिंग, जीडी-पीआई और फाइनल सेलेक्शन के लिए यह स्कोरकार्ड बेहद महत्वपूर्ण होगा, इसलिए इसे सुरक्षित रखना जरूरी है।










